अमेरिका में जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग, करनाल के युवक की मौत, रिटायर्ड दरोगा का इकलौता बेटा, लॉरेंस गैंग में आया नाम
अमेरिका के इंडियाना के ग्रीनवुड में जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में करनाल के वीरेंद्र सांभी समेत दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस गैंगवार एंगल से जांच कर रही है।
- अमेरिका में जन्मदिन पार्टी के दौरान फायरिंग में करनाल के युवक की मौत
- दो पक्षों के विवाद में चली गोलियां, दो की जान गई
- गैंगवार एंगल से जांच, जिम्मेदारी लेने का दावा
अमेरिका के इंडियाना राज्य के ग्रीनवुड शहर में एक रिहायशी इलाके में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई फायरिंग की घटना में हरियाणा के करनाल निवासी वीरेंद्र सांभी की मौत हो गई। इस वारदात में पंजाब निवासी कुलदीप की भी जान गई है, जबकि दो अन्य युवक घायल बताए जा रहे हैं।
अमेरिकन मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना 10 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे (अमेरिकी समय) हुई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक, बेंट ब्रांच सर्कल के 900 ब्लॉक में एक घर में बड़ी जन्मदिन पार्टी चल रही थी। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों ने हथियार निकाल लिए और फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो चार लोग गोली लगने से घायल मिले। इनमें से एक 37 वर्षीय व्यक्ति को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया। अन्य घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में ग्रीनवुड निवासी 38 वर्षीय वीरेंद्र सिंह को मेथोडिस्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एक अन्य घायल युवक को एसकेनाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसके अलावा सेंट फ्रांसिस अस्पताल से भी पुलिस को सूचना मिली, जहां 23 वर्षीय युवक गोली लगने के बाद पहुंचा था।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इलाका आमतौर पर शांत रहता है। पड़ोसी जिम बुशर और सरबगिद सिंह ने मीडिया को बताया कि उन्होंने इस इलाके में पहले कभी ऐसी हिंसक घटना नहीं देखी थी।
इस फायरिंग में मारे गए युवक की पहचान करनाल निवासी वीरेंद्र सांभी के रूप में हुई है। वह रिटायर्ड थानेदार मुलतान सिंह का बेटा और परिवार का इकलौता बेटा बताया गया है। जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र करीब 5 साल पहले डंकी रूट से अमेरिका गया था। 2 साल पहले उसकी पत्नी और बेटा भी डंकी रूट से अमेरिका पहुंचे थे। घटना वाली रात वह ग्रीनवुड में आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गया था।
सूत्रों के अनुसार, वीरेंद्र के साथ मौजूद पंजाब निवासी कुलदीप को भी फायरिंग में गोली लगी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति इस हमले में घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
जानकारी सामने आई है कि वीरेंद्र सांभी का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जा रहा है। इसी आधार पर इस वारदात को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। सोशल मीडिया पर डाले गए एक संदेश में रोहित गोदारा गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई को चेतावनी देते हुए आगे और हमलों की धमकी भी दी गई है।
हालांकि, इस पूरे मामले पर अमेरिकी प्रशासन की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और हमलावरों की पहचान व लोकेशन को लेकर कार्रवाई जारी है।
Akhil Mahajan