रेवाड़ी HTET सेंटर पर बवाल, OMR-प्रश्नपत्र नंबर मिसमैच; 22 अभ्यर्थियों का दोबारा एग्जाम
रेवाड़ी के HTET परीक्षा केंद्र पर OMR शीट और प्रश्नपत्र के सीरियल नंबर मिसमैच होने से हंगामा हो गया। 22 अभ्यर्थियों का दोबारा एग्जाम कराया गया, जबकि कई छात्रों ने पेपर प्रक्रिया पर सवाल उठाए।
➤ OMR शीट और प्रश्नपत्र के सीरियल नंबर मिसमैच होने पर अभ्यर्थियों का हंगामा
➤ 22 परीक्षार्थियों का दोबारा कराया गया HTET लेवल-3 एग्जाम
➤ कुछ अभ्यर्थियों ने पेपर लीक और सील नहीं होने की आशंका भी जताई
हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) लेवल-3 के दौरान रेवाड़ी के सूरज स्कूल परीक्षा केंद्र पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कई अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र और OMR शीट के सीरियल नंबर मिसमैच होने की शिकायत की। मामला बढ़ने पर परीक्षा केंद्र पर काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। बाद में प्रशासन ने प्रभावित अभ्यर्थियों का दोबारा परीक्षा कराने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को आयोजित HTET लेवल-3 परीक्षा में सूरज स्कूल केंद्र पर कुल 524 अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। इनमें से 22 परीक्षार्थियों की OMR शीट और प्रश्नपत्र के सीरियल नंबर मेल नहीं खा रहे थे। इस पर अभ्यर्थियों ने विरोध जताया और परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया।
काफी देर तक चली बातचीत के बाद संबंधित 22 अभ्यर्थियों की शाम 5:30 बजे से रात 8 बजे तक दोबारा परीक्षा कराई गई। हालांकि कुछ अभ्यर्थियों ने दोबारा परीक्षा देने से इनकार करते हुए कहा कि वे पहले ही परीक्षा दे चुके हैं और दोबारा पेपर नहीं देंगे।
कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि परीक्षा शुरू होने से करीब आधा घंटा देर से प्रश्नपत्र वितरित किए गए। वहीं कुछ ने दावा किया कि प्रश्नपत्र की बुकलेट पर सील नहीं लगी थी, जिससे उन्हें पेपर लीक होने की आशंका हुई। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, सिरसा के एक अभ्यर्थी ने आरोप लगाया कि उसे 15 मिनट देरी से प्रश्नपत्र मिला और अतिरिक्त समय भी नहीं दिया गया। वहीं सोनीपत की परीक्षार्थी पूनम ने कहा कि हिंदी भाषा के कुछ प्रश्नों में वाक्य संबंधी त्रुटियां थीं। भिवानी के अभ्यर्थी दीपक ने भी तीन से चार प्रश्नों में गलती होने का दावा किया।
इस बार HTET परीक्षा के लिए 2 लाख 33 हजार 294 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इनमें 1 लाख 66 हजार 137 महिला और 67 हजार 157 पुरुष अभ्यर्थी शामिल हैं। लेवल-3 परीक्षा शनिवार को आयोजित हुई, जबकि लेवल-1 और लेवल-2 की परीक्षाएं रविवार को होंगी।
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी काफी सख्त रही। कई परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के जूते, मोजे, चूड़ियां, कुंडल, कोका, हेयर बैंड, कलावा तक उतरवाए गए। वहीं फतेहाबाद में डायल-112 टीम ने समय पर एक परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पहुंचाकर मदद भी की।
अब अभ्यर्थियों द्वारा लगाए गए आरोपों और परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई खामियों को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Akhil Mahajan