एसटीएफ ने धोला खटकड़ गैंग के दो गुर्गों को दबोचा
हिसार एसटीएफ ने धोला खटकड़ गैंग के दो गुर्गों को दो अवैध पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया। आरोपी बड़ी वारदात की साजिश में थे, एक पहले भी टोल शूटआउट केस में जेल जा चुका है।
-
एसटीएफ हिसार ने धोला खटकड़ गैंग के दो गुर्गों को दबोचा
-
दो अवैध पिस्तौल और जिंदा राउंड बरामद, बड़ी वारदात की तैयारी में थे आरोपी
-
रोबिन पहले भी टोल प्लाजा मैनेजर पर फायरिंग केस में रह चुका है जेल में
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) हिसार इकाई ने अपराध पर बड़ी कार्रवाई करते हुए धोला खटकड़ गैंग के दो गुर्गों को हथियार सहित गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
टीम ने गांव खटकड़ से बड़ोदा मार्ग पर रजबाहे के पास दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ा। उनकी पहचान रोबिन निवासी गोहाना और गौरव उर्फ पंडित निवासी शेरपुरा, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों की तलाशी के दौरान रोबिन से .32 बोर की पिस्तौल व दो जिंदा राउंड, जबकि गौरव से .315 बोर की पिस्तौल व एक जिंदा राउंड बरामद किए गए। जब पुलिस ने लाइसेंस मांगा तो दोनों कोई दस्तावेज नहीं दिखा सके।
हथियार और रौंद नियम अनुसार सील कर कब्जे में लिए गए। दोनों के खिलाफ थाना उचाना में मुकदमा नंबर 332, दिनांक 7 नवंबर 2025, धारा 25(1-बी)-54-59 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड मिला। एसटीएफ अब यह जांच कर रही है कि दोनों किसी बड़ी वारदात या गैंग ऑपरेशन की साजिश में शामिल तो नहीं थे।
जांच में सामने आया कि रोबिन पहले भी अनिल उर्फ धोला खटकड़ के साथ मिलकर खटकड़ टोल प्लाजा पर गोलीकांड में शामिल रहा है। उस समय उसने टोल मैनेजर को फायरिंग कर घायल किया था। वह हाल ही में जेल से बाहर आया था।
डीएसपी जोगिंदर सिंह ने बताया कि एसटीएफ अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। दोनों आरोपियों की पृष्ठभूमि और नेटवर्क की जांच की जा रही है।
Author1