अमेरिका में हरियाणा का हीरो: दोस्त को बचाने टाहो झील में कूदा करनाल का अर्शदीप, खुद की जान गंवाई लेकिन दोस्त की जान बचाकर निभाई दोस्ती!
करनाल के अर्शदीप की अमेरिका की टाहो झील में दोस्त को बचाते हुए डूबने से मौत हो गई. 45 लाख कर्ज लेकर डंकी रूट से गया था. परिवार ने शव भारत लाने की गुहार लगाई.
- करनाल के युवक अर्शदीप की अमेरिका की टाहो झील में डूबने से दर्दनाक मौत
- डूबते दोस्तों को बचाने गहरी झील में कूदा था अर्शदीप, सबको बचाया पर खुद नहीं निकल पाया
- 45 लाख का कर्ज लेकर 2023 में डंकी रूट से गया था अमेरिका, परिवार ने शव वापसी की लगाई गुहार
हरियाणा के करनाल स्थित विकास कॉलोनी का रहने वाला 24 वर्षीय अर्शदीप अमेरिका की गहरी टाहो झील में समा गया है. अर्शदीप अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, जहाँ साथी को बचाने के प्रयास में उसने अपनी जान गंवा दी. उसने डूबते हुए दोस्त को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन खुद 1645 फीट गहरी झील से बाहर नहीं आ सका. मौके पर मौजूद लोगों ने जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक वह दम तोड़ चुका था. डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया.
छोटे भाई शरणदीप के अनुसार, अर्शदीप कुशल तैराक था. दोस्तों को डूबता देख वह बिना समय गंवाए पानी में कूदा और उन्हें बचा लिया. हालाँकि, अंत में शरीर में काफी पानी भर जाने के कारण वह खुद को नहीं बचा सका. अर्शदीप साल 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था. परिवार ने उसे विदेश भेजने के लिए करीब 45 लाख रुपए का कर्ज लिया था. वह फ्रेस्नो शहर में अपनी बुआ-फूफा के पास रहकर एक स्टोर में काम करता था.
दो साल पहले ही उसके पिता प्रगट सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी थी. पिता की मौत के बाद अर्शदीप पर ही घर की सारी जिम्मेदारी थी. उसका सपना था कि विदेश में काम करके कर्ज उतारे और परिवार की स्थिति सुधारे, लेकिन इस हादसे ने सब खत्म कर दिया. परिवार ने सरकार और प्रशासन से अर्शदीप का शव जल्द से जल्द भारत लाने में मदद करने की भावुक अपील की है.
Akhil Mahajan