हरियाणा में बारिश से बदला मौसम, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
हरियाणा के कई जिलों में बारिश और आंधी के चलते मौसम ठंडा हुआ है। 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और 9 अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना है।
■ 5 जिलों में तेज बारिश, कई जगह बूंदाबांदी जारी
■ 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, आंधी-बारिश की चेतावनी
■ 9 अप्रैल से मौसम साफ, तापमान फिर बढ़ेगा
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ली है और अप्रैल के महीने में ही ठंड जैसा अहसास होने लगा है। बुधवार को भी राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम खराब बना हुआ है। सुबह से ही कई इलाकों में बादल छाए हुए हैं, जबकि यमुनानगर और जींद में तेज बारिश दर्ज की गई। पंचकूला में हल्की बूंदाबांदी हुई, वहीं नारनौल और गुरुग्राम में रातभर रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ (IMD) ने आज जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश और आंधी आने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे मौसम ठंडा बना रहेगा।
मंगलवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश देखने को मिली। हिसार, गुरुग्राम, करनाल, पानीपत, फरीदाबाद, पंचकूला, यमुनानगर और कैथल में दिनभर रुक-रुककर बारिश हुई। वहीं रात के समय रेवाड़ी और नारनौल में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। अप्रैल महीने में अब तक 4 दिन बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से ज्यादा मानी जा रही है। मंगलवार रात को कई इलाकों में ठंड का अहसास हुआ, जिससे लोगों ने हल्के गर्म कपड़े तक निकाल लिए।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग का कहना है कि 9 अप्रैल से मौसम साफ होने लगेगा और धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इसके बाद फिर से गर्मी अपना असर दिखाना शुरू करेगी।
तापमान में भी बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। बादलों के कारण रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई और औसतन 2.6 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की गई। सिरसा में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.9 डिग्री रहा, जबकि अधिकतर जिलों में यह 17 से 20 डिग्री के बीच बना रहा।
वहीं दिन के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। औसतन 5.7 डिग्री सेल्सियस तक कमी आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। तापमान सामान्य से करीब 8-9 डिग्री नीचे चला गया। पलवल में सबसे अधिक तापमान 29.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि कई जिलों में यह 25 से 28 डिग्री के बीच रहा।
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले 1-2 दिन तक सिंचाई, कटाई और कीटनाशक छिड़काव जैसे कार्य टाल दें, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं।
shubham