हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 6 जून तक बदला रहेगा मौसम
हरियाणा के 7 जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 6 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है।
हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
दो पश्चिमी विक्षोभों के असर से 6 जून तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील
नारनौल सबसे ठंडा और सिरसा सबसे गर्म जिला दर्ज
हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दो पश्चिमी विक्षोभों के सक्रिय होने से प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग ने बुधवार को राज्य के सभी जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश की संभावना जताई है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और चरखी दादरी समेत 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग का कहना है कि 4 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। मौसम में यह बदलाव 6 जून तक बने रहने की संभावना है।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि दो पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के कारण प्रदेश में मौसम लगातार परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहेंगे और हवाओं की दिशा में भी बदलाव देखने को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पहला पश्चिमी विक्षोभ 3 जून को और दूसरा 4 जून को पहाड़ी क्षेत्रों की ओर बढ़ेगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में बीच-बीच में मौसम बदलता रहेगा और कई इलाकों में बूंदाबांदी से लेकर मध्यम बारिश तक हो सकती है।
डॉ. खीचड़ के अनुसार पंजाब के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना भी है। इसके प्रभाव से हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में तेज बारिश भी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च से 31 मई तक हरियाणा में 52.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सामान्य तौर पर इस अवधि में 44.6 मिमी बारिश होती है। इस तरह प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक अब जून से सितंबर तक का समय मानसून सीजन माना जाता है। आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ और अन्य मौसमी तंत्र मौसम को प्रभावित करते रहेंगे।
तापमान की बात करें तो प्रदेश का औसतन अधिकतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। इसके बावजूद सिरसा 41.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में रात का तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। ठंडी हवाओं और बादलवाई के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
pooja