हरियाणा में बारिश और ओलों का कहर, 8 जिलों में रेड अलर्ट नूंह में ओलों की चादर

हरियाणा के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है। नूंह में सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई, जबकि 8 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा में बिजली गिरने से एक युवती घायल हुई।

हरियाणा में बारिश और ओलों का कहर, 8 जिलों में रेड अलर्ट नूंह में ओलों की चादर

तेज बारिश के साथ कई जिलों में ओलावृष्टि, सड़कों पर जमी सफेद परत
नूंह में ओलों की चादर, पानीपत-फरीदाबाद में आंधी के साथ बारिश
8 जिलों में रेड अलर्ट, सिरसा में बिजली गिरने से युवती घायल


हरियाणा में शुक्रवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि देखने को मिली। भिवानी और फतेहाबाद में जहां झमाझम बारिश हुई, वहीं नूंह, पानीपत और फरीदाबाद में बारिश के साथ ओले गिरने से हालात बदल गए। नूंह के रोजका मेव IMT क्षेत्र और तावडू रोड पर सड़कों पर सफेद चादर जैसी परत जम गई, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया। हिसार में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि फतेहाबाद में तेज आंधी ने लोगों को परेशानी में डाल दिया।नूंह में रोजका मेव IMT क्षेत्र और तावडू रोड पर जमकर ओले गिरे।

मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने हालात को देखते हुए गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कुल 8 जिलों में 2 घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। चेतावनी में कहा गया है कि इन इलाकों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।सिरसा में एक मकान पर बिजली गिरने के बाद दरारें आ गई। घटना में एक युवती भी घायल हो गई।

इस बीच सिरसा जिले में गुरुवार देर रात बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। तरकांवाली गांव में चंदुराम वर्मा के घर पर बिजली गिरने से मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली सीधे पानी की टंकी को चीरते हुए घर में गिरी, जिससे दीवारों में गहरी दरारें आ गईं और घर के सभी बिजली उपकरण जैसे पंखा, कूलर, एसी, फ्रिज और एलसीडी पूरी तरह जल गए। घटना के समय घर में मौजूद 18 वर्षीय ज्योति को करंट लगने से वह बेहोश हो गई। परिजनों ने उसे तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।लोहारू के गांव सिंघानी के आस पास गांव में तेज हवा के साथ बारिश

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है, क्योंकि आने वाले घंटों में मौसम और बिगड़ सकता है।