लाहौल नदी के बीच हरियाणवी छोरों ने थार दौड़ा कर दिखाया टशन, पुलिस ने निकाली हेकड़ी

लाहौल-स्पीति में हरियाणा के एक पर्यटक ने नदी के बीच थार दौड़ाई। खतरनाक ड्राइविंग के VIDEO वायरल

लाहौल नदी के बीच हरियाणवी छोरों ने थार दौड़ा कर दिखाया टशन, पुलिस ने निकाली हेकड़ी

लाहौल में नदी के बीच थार दौड़ाना हरियाणा के टूरिस्ट को पड़ा भारी

खतरनाक रैश ड्राइविंग पर पुलिस ने काटा ₹2,500 का चालान

SP बोलीं- हिमालय और लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं


हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में हरियाणा से पहुंचे एक पर्यटक की लापरवाही उस समय भारी पड़ गई, जब उसने अपनी महिंद्रा थार को सीधे नदी के बीच उतार दिया। पर्यटक खतरनाक तरीके से नदी के बीचों-बीच गाड़ी दौड़ाता नजर आया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसका ₹2,500 का चालान काट दिया।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा में आ गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि चालक तेज बहाव वाले नदी क्षेत्र में थार को स्टंट की तरह चला रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने भी इस हरकत को बेहद खतरनाक बताया।

लाहौल-स्पीति पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। जिला पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि पुलिस लगातार पर्यटकों को नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की चेतावनी देती रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।

एसपी के अनुसार, थार चालक ने नदी के किनारे और पानी के बीच बेहद लापरवाही से वाहन चलाया, जिससे उसकी खुद की जान के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।

पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा 184 के तहत कार्रवाई करते हुए ₹2,500 का नगद चालान किया। साथ ही उसे दोबारा ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।

एसपी शिवानी मेहला ने साफ कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में इस तरह की गैरजिम्मेदाराना गतिविधियां न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि अचानक जलस्तर बढ़ने की स्थिति में जानलेवा भी साबित हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति आने वाले पर्यटकों का स्वागत है, लेकिन यदि कोई नियम तोड़ते हुए हुड़दंगबाजी या खतरनाक स्टंट करता पाया गया तो पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।

इन दिनों भीषण गर्मी के चलते बड़ी संख्या में पर्यटक मनाली और लाहौल-स्पीति पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहा है कि प्राकृतिक स्थलों की गरिमा बनाए रखें और अपनी सुरक्षा का भी ध्यान रखें।