हरियाणा में आंधी का कहर, टीनशेड से कटकर 12वीं के छात्र की मौत, 9 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट

हरियाणा में आंधी-बारिश के दौरान नूंह में 12वीं के छात्र की मौत हो गई। महेंद्रगढ़ में जलभराव हुआ और मौसम विभाग ने 9 जिलों में ओलावृष्टि व आंधी का अलर्ट जारी किया।

हरियाणा में आंधी का कहर, टीनशेड से कटकर 12वीं के छात्र की मौत, 9 जिलों में बारिश-ओलावृष्टि का अलर्ट
  • हरियाणा में आंधी-बारिश के बीच 12वीं के छात्र की दर्दनाक मौत
  • महेंद्रगढ़ में जलभराव से कई बाइकें बंद, लोगों ने धक्का देकर निकालीं
  • मौसम विभाग ने 9 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया

हरियाणा में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई स्थानों पर नुकसान और हादसों की खबरें भी सामने आई हैं।

सबसे दर्दनाक घटना नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव भोंड में हुई। यहां तेज आंधी के दौरान एक टीनशेड उखड़कर 12वीं के छात्र आकिल (17) पर गिर गई। टीनशेड के नुकीले हिस्से से गंभीर चोट लगने के कारण छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

महेंद्रगढ़ में हुई झमाझम बारिश में भीगते हुए जाता युवक।

प्रदेश के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। भिवानी, रेवाड़ी, हांसी, रोहतक और महेंद्रगढ़ में झमाझम बारिश हुई। वहीं सिरसा के डबवाली, फतेहाबाद के टोहाना और चरखी दादरी में ओलावृष्टि दर्ज की गई। तेज हवाओं के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को लू से राहत मिली।

महेंद्रगढ़ में जलभराव के बीच जाते बाइक और स्कूटी सवार।

महेंद्रगढ़ में बारिश के कारण रेलवे रोड और ब्रह्मदेव चौक पर जलभराव की स्थिति बन गई। सड़कों पर पानी भरने से कई दोपहिया वाहन बंद हो गए। लोगों को अपनी बाइकें धक्का देकर बाहर निकालनी पड़ीं। शहर के कई हिस्सों में यातायात भी प्रभावित रहा।

रेवाड़ी के गांव कालड़ावास में पोल टूटने से गली में पड़ा ट्रांसफार्मर।

तेज आंधी के कारण महेंद्रगढ़-सेहलंग रोड पर गांव माजरा कलां के पास तीन बड़े पेड़ सड़क पर गिर गए, जिससे यातायात बाधित हो गया। वहीं फतेहाबाद और सोनीपत में धूलभरी आंधी के चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर धूल का गुबार छा गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए।

महेंद्रगढ़ में रेलवे रोड पर हुआ जलभराव।

रेवाड़ी जिले के बावल क्षेत्र के कालड़ावास, हरचंदपुर, भड़गी, मोहम्मदपुर और बालावास सहित कई गांवों में आंधी और बारिश के कारण बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और पेड़ गिर गए। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। फतेहाबाद के जाखल में भी एक पेड़ बिजली के पोल पर गिरने से बिजली सप्लाई बाधित हो गई।

महेंद्रगढ़ से सेहलंग जाने वाले रोड पर तीन पेड़ टूट गिरने से यातायात बाधित हो गया।

आंधी का असर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी देखने को मिला। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर धारूहेड़ा के पास करोड़ों रुपये की लागत से लगाए गए लोहे के सुरक्षा जाल तेज हवाओं में उखड़कर गिर गए।

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए फतेहाबाद, हिसार, जींद, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और रेवाड़ी में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।