सीएम नायब सिंह सैणी ने दिखाई हरी झंडी, कहा- सेवा ही संगठन
हरियाणा सरकार ने हिमाचल के चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए 10 ट्रक राहत सामग्री रवाना की। सीएम नायब सिंह सैणी ने हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि भाजपा सेवा को संगठन का आधार मानती है।
➤ हरियाणा सरकार ने 10 ट्रक राहत सामग्री चंबा भेजी
➤ सीएम नायब सिंह सैणी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
➤ राहत सामग्री में खाद्यान्न, कंबल, गद्दे और जरूरी सामान शामिल
हिमाचल प्रदेश में आई भीषण प्राकृतिक आपदा के बीच हरियाणा सरकार और भारतीय जनता पार्टी ने मानवीय सेवा का बड़ा संदेश दिया है। रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैणी ने पंचकूला भाजपा कार्यालय से 10 ट्रक राहत सामग्री को हरी झंडी दिखाकर चंबा जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
यह राहत सामग्री पंचकूला, अंबाला और आसपास के क्षेत्रों के सामाजिक संगठनों व दानवीरों के सहयोग से एकत्रित की गई है। इसमें 186 क्विंटल चावल, 153 क्विंटल आटा, 20 क्विंटल नमक, 65 क्विंटल चीनी, 20 क्विंटल दाल, 25 किलो हल्दी, 750 किलो मसाले, 2400 लीटर तेल, 50 किलो चाय पत्ती, 1000 तिरपाल, 1021 कंबल, 1500 गद्दे, 2600 साबुन, 1200 पैकेट बिस्किट, 650 सैनेटरी पैड सहित बर्तन, टूथपेस्ट, पानी, मैगी, ओट्स और अन्य जरूरी सामान शामिल है।
सीएम सैणी ने इस मौके पर कहा कि भाजपा हमेशा “सेवा ही संगठन” के मंत्र को आत्मसात करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में आपदा प्रभावित क्षेत्रों की मदद करना पार्टी का कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में हुई भारी वर्षा से गांवों का विनाश, मकानों के ध्वस्त होने और पशुधन के नुकसान ने हालात बेहद गंभीर कर दिए हैं।
सैणी ने भरोसा दिलाया कि केंद्र और हरियाणा सरकार हिमाचल की जनता के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी आभार जताते हुए कहा कि हरियाणा का यह सहयोग हिमाचल की जनता के लिए संबल का काम करेगा और प्रभावित परिवारों में राहत पहुंचाएगा।
Akhil Mahajan