वृद्धाश्रम में मिली मोहब्बत,75 साल के दूल्हे ने 63 साल की दुल्हन संग रचाई शादी,डीसी किरण भड़ाना भी बनीं गवाह
बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने शादी रचाई। डीसी किरण भड़ाना ने जोड़े को शुभकामनाएं दीं।
75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना ने रचाई शादी
➤ बिलासपुर के अपना घर वृद्धाश्रम में दोनों ने एक-दूसरे को चुना जीवनसाथी
➤ डीसी किरण भड़ाना ने नवविवाहित जोड़े को दी शुभकामनाएं, नालागढ़ वृद्धाश्रम में शुरू करेंगे नई जिंदगी
बिलासपुर/कश्मीर ठाकुर। जिंदगी में खुशियां पाने की कोई उम्र नहीं होती। जब अपनों ने साथ छोड़ दिया तो दो बुजुर्गों को वृद्धाश्रम में न सिर्फ रहने का सहारा मिला, बल्कि एक-दूसरे के रूप में जीवनभर का हमसफर भी मिल गया। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के देवली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना बुधवार को विवाह बंधन में बंध गए। दोनों ने अपनी इच्छा से एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना और जिंदगी की नई शुरुआत की।
इस अनूठे विवाह समारोह में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना स्वयं पहुंचीं। उनके साथ जिला वेलफेयर ऑफिसर रमेश बंसल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं। वृद्धाश्रम की इस पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
डीसी बोलीं- हर व्यक्ति को खुशहाल जीवन जीने का अधिकार
उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि यह विवाह समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण है। जीवन हमेशा दूसरा मौका देता है और हर व्यक्ति को खुशहाल जीवन जीने का अधिकार है। उम्र बढ़ने के साथ किसी व्यक्ति की जरूरतें और भावनाएं समाप्त नहीं हो जातीं। बुजुर्गों को भी सम्मान, अपनापन और जीवन में खुशियां पाने का पूरा हक है।
उन्होंने अपना घर वृद्धाश्रम के ट्रस्टियों, वेलफेयर विभाग और बिलासपुर की जनता को इस सराहनीय पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास बुजुर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ समाज को भी एक अच्छा संदेश देते हैं।
दोनों ने अपनी इच्छा से चुना एक-दूसरे को जीवनसाथी
वृद्धाश्रम के संचालक एडवोकेट प्रकाश चंद ठाकुर ने बताया कि कन्हैया लाल और सबीना दोनों वृद्धाश्रम में रह रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच अपनापन बढ़ता गया। इसके बाद दोनों ने अपनी इच्छा से एक-दूसरे को जीवनसाथी बनाने का फैसला किया।
उन्होंने बताया कि वृद्धाश्रम का उद्देश्य बुजुर्गों को केवल रहने और खाने की सुविधा देना ही नहीं, बल्कि उनके जीवन में खुशियां और अपनापन बनाए रखना भी है। इसी सोच के तहत दोनों का विवाह करवाया गया। प्रकाश चंद ठाकुर के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में आश्रय प्राप्त कर रहे दो बुजुर्गों का इस तरह विवाह करवाने की यह अपनी तरह की पहली पहल है।
आज ही नालागढ़ वृद्धाश्रम में शिफ्ट होगा जोड़ा
विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े के जीवन में एक और नया बदलाव आने वाला है। प्रकाश चंद ठाकुर ने बताया कि कन्हैया लाल और सबीना बुधवार को ही देवली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम से नालागढ़ के वृद्धाश्रम में शिफ्ट होंगे। गुरुवार से नालागढ़ वृद्धाश्रम ही उनका नया घर होगा। वहां दोनों एक साथ रहकर अपने जीवन की नई शुरुआत करेंगे।
मंडी के कन्हैया लाल और कोलकाता की हैं सबीना
जानकारी के अनुसार, 75 वर्षीय कन्हैया लाल मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के निवासी हैं, जबकि 63 वर्षीय सबीना मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। दोनों की मुलाकात वृद्धाश्रम में हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच विश्वास और अपनापन बढ़ा और उन्होंने जीवन के इस पड़ाव पर एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया।
यह विवाह उन बुजुर्गों के लिए भी एक उम्मीद की मिसाल है, जो जीवन के अंतिम पड़ाव में अकेलेपन से जूझ रहे हैं। अपना घर वृद्धाश्रम की इस पहल ने यह संदेश दिया है कि उम्र चाहे कितनी भी हो, प्रेम, सम्मान और साथ की जरूरत हर इंसान को होती है। जिंदगी में नई शुरुआत करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती।
Akhil Mahajan