हरियाणा राज्यसभा चुनाव में नामांकन विवाद, BJP के संजय भाटिया के सेट को लेकर उठे सवाल दो सीटों पर तीन उम्मीदवार, हरियाणा राज्यसभा चुनाव हुआ दिलचस्प
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में नामांकन के बाद विवाद सामने आया है। भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के नामांकन के सेट को लेकर दावा और आयोग के आंकड़ों में अंतर दिखा। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं।
■ हरियाणा राज्यसभा चुनाव में नामांकन के बाद शुरू हुई जांच प्रक्रिया
■ BJP उम्मीदवार संजय भाटिया के नामांकन सेट को लेकर उठा विवाद
■ दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में, 16 मार्च को संभावित मतदान
हरियाणा राज्यसभा चुनाव में नामांकन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब आज से नामांकन पत्रों की जांच शुरू हो गई है। हरियाणा राज्यसभा के द्वि-वार्षिक चुनाव के लिए नामित रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल ने जानकारी दी कि 16 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए कुल तीन उम्मीदवारों के नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें भारतीय जनता पार्टी की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस की ओर से कर्मवीर सिंह बौद्ध और निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में सतीश नांदल ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। उम्मीदवार 9 मार्च तक अपने नामांकन वापस ले सकते हैं। यदि चुनाव की आवश्यकता पड़ी तो 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी रूम में मतदान होगा।
नामांकन प्रक्रिया के बीच भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के नामांकन पत्रों के सेट को लेकर विवाद सामने आया है। भाजपा का दावा है कि भाटिया ने तीन सेट नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, जबकि रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल के अनुसार दो ही सेट जमा हुए हैं। इस असमंजस के बाद अब संजय भाटिया खुद नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया में शामिल होंगे और इसी सिलसिले में उनके हरियाणा विधानसभा पहुंचने की संभावना है।
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो गया है, क्योंकि दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा की ओर से संजय भाटिया, कांग्रेस की ओर से कर्मवीर सिंह बौद्ध और भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने नामांकन दाखिल किया है। हालांकि विधानसभा में संख्या बल को देखते हुए भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया का राज्यसभा पहुंचना लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन तीसरे उम्मीदवार के मैदान में उतरने से चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
भाजपा उम्मीदवार संजय भाटिया के नामांकन पत्र में 30 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर हैं। इनमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्य सरकार के सभी 13 मंत्री शामिल हैं। प्रस्तावकों में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, अनिल विज, विपुल गोयल, श्रुति चौधरी, महिपाल डांडा, डॉ. अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, कृष्ण कुमार बेदी, रणबीर गंगवा और कृष्ण लाल पंवार समेत कई विधायक शामिल हैं।
वहीं कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध ने तीन सेट नामांकन दाखिल किए हैं। उनके प्रस्तावकों में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कांग्रेस के 10 विधायक शामिल हैं। इनमें डॉ. रघुबीर कादियान, चौधरी आफताब अहमद, रेणु बाला, शैली चौधरी, शकुंतला खटक, पूजा चौधरी, चंद्र प्रकाश, नरेश सोलवाल और गोकुल सेतिया के नाम प्रमुख हैं।
इसके अलावा भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल ने भी नामांकन दाखिल किया है। उनके नामांकन पत्र पर निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल, देवेंद्र कादियान और राजेश जून सहित 10 विधायकों के हस्ताक्षर हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से 7 विधायक भाजपा से जुड़े हुए हैं। ऐसे में चुनाव को लेकर सियासी चर्चाएं और भी तेज हो गई हैं।
shubham