हरियाणा में कोहरे का कहर, 50 से ज्यादा वाहन टकराए, 2 की मौत

हरियाणा में घने कोहरे के कारण रोहतक, हिसार और झज्जर में भीषण सड़क हादसे हुए। 50 से ज्यादा वाहन टकराए, कई लोगों की मौत और दर्जनों घायल हुए।

हरियाणा में कोहरे का कहर, 50 से ज्यादा वाहन टकराए, 2 की मौत
  • घने कोहरे से हरियाणा में 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकराए
  • रोहतक में 40 वाहनों की टक्कर, 2 लोगों की मौत
  • हिसार में बाइक सवार युवक और झज्जर में छात्रा की गई जान


हरियाणा में रविवार सुबह घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। प्रदेश के अधिकांश जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम रही, जबकि कई स्थानों पर यह 5 मीटर तक सिमट गई। कोहरे के कारण अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसों में 50 से ज्यादा वाहन आपस में टकरा गए और कई परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट गया।

हिसार में हादसे के बाद सड़क पर खड़ी रोडवेज बस की सवारी।

रोहतक जिले के महम क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152डी के कट पर सुबह बड़ा हादसा हुआ। ट्रक और कार की टक्कर में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पीछे से आ रहे करीब 35 से 40 वाहन भी एक-दूसरे से टकरा गए। कई वाहन पलट गए और कुछ में आग भी लग गई। पुलिस ने गैस कटर और जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को काटकर फंसे शवों और घायलों को बाहर निकाला। मृतकों में एक की पहचान आशीष निवासी रानीला, चरखी दादरी के रूप में हुई है।

चरखी दादरी में हुए हादसे में क्षतिग्रस्त स्कूल बस।

हिसार में सुबह करीब 8 बजे नेशनल हाईवे 52 पर मलिक टोयटो के पास धुंध के कारण पांच वाहन आपस में टकरा गए। कैथल रोडवेज डिपो की सवारियों से भरी बस एक डंपर से भिड़ गई, जबकि पीछे आ रही दूसरी रोडवेज बस की ऑल्टो कार से टक्कर हो गई। इस दौरान एक बाइक सवार युवक भी चपेट में आ गया। हादसे में 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बच गई, जबकि बाइक सवार घायल हुआ। वहीं सिरसा हाईवे पर हुए एक अन्य हादसे में बाइक सवार युवक मनदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया।

रोहतक के महम क्षेत्र में हुए हादसे के बाद खड़े वाहन।

झज्जर जिले में भी कोहरे ने कहर बरपाया। कलियावास गांव के पास रोडवेज बस और एक स्कूल बस की टक्कर हो गई। स्कूल बस चरखी दादरी के आर्यन स्कूल की थी, जो टूर के लिए जा रही थी। हादसे में बस में सवार छह छात्राएं घायल हो गईं, जबकि एक छात्रा की मौत हो गई। इसके अलावा झज्जर-रेवाड़ी रोड स्थित कुलाना चौक के समीप एक ट्रैवलर बस दूसरे वाहन से टकरा गई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए और बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

भिवानी में भी चार वाहन आपस में टकरा गए।

चरखी दादरी में कालियावास मोड़ के पास कई वाहन आपस में भिड़ गए, जिनमें एक स्कूली बस भी शामिल थी। राहत की बात यह रही कि सभी बच्चे सुरक्षित रहे। जींद जिले के जुलाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 152डी पर भी कई वाहन टकराए, जिसमें रोडवेज बस में सवार चार यात्री घायल हो गए।

हादसों को देखते हुए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने धुंध में धीमी गति से वाहन चलाने की एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग ने रविवार के साथ-साथ 14 दिसंबर के लिए भी 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने वाहन चालकों से पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।