सस्पेंशन के 13 दिन बाद बड़ी वापसी, डॉ. कादियान बने स्पेशल HOD
हरियाणा सरकार ने सस्पेंड हुए डॉ. सतबीर कादियान को बहाल कर सिंचाई विभाग में स्पेशल HOD नियुक्त किया, जिससे ब्यूरोक्रेसी में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
➤ 13 दिन पहले सस्पेंड हुए डॉ. सतबीर कादियान को फिर मिली बड़ी जिम्मेदारी
➤ सिंचाई विभाग में स्पेशल HOD बनाकर दी गई योजनाओं की मॉनिटरिंग
➤ फैसले के बाद ब्यूरोक्रेसी में तेज हुई चर्चाएं
हरियाणा सरकार ने एक अहम प्रशासनिक फैसला लेते हुए डॉ. सतबीर सिंह कादियान को सिंचाई विभाग में स्पेशल हेड ऑफ डिपार्टमेंट (HOD) नियुक्त कर दिया है। यह निर्णय इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि महज 13 दिन पहले 15 अप्रैल को उन्हें विभागीय कारणों से सस्पेंड किया गया था।
सरकार ने अब उन्हें बहाल करते हुए तुरंत प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी है। डॉ. कादियान को जल प्रबंधन और सिंचाई क्षेत्र का विशेषज्ञ माना जाता है। ऐसे समय में उनकी नियुक्ति हुई है जब राज्य सरकार पानी के बेहतर उपयोग और सिंचाई व्यवस्था सुधार पर विशेष फोकस कर रही है।
सरकारी आदेश के अनुसार, स्पेशल HOD के रूप में डॉ. कादियान वाटर मैनेजमेंट और इरिगेशन प्रोजेक्ट्स की मॉनिटरिंग करेंगे। इसके साथ ही वे विभाग में तकनीकी सुधार और योजनाओं की प्रभावी निगरानी में अहम भूमिका निभाएंगे।
हालांकि, उनके हालिया सस्पेंशन के बाद इतनी जल्दी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसे सरकार का उनकी विशेषज्ञता पर भरोसा भी माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सस्पेंशन के समय कारण स्पष्ट नहीं किया गया था, लेकिन वित्तीय अनियमितताओं की चर्चा सामने आई थी। उस दौरान उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हेड ऑफिस तय किया गया था।
अब 28 अप्रैल को जारी नए आदेश में, जिस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल के हस्ताक्षर हैं, उन्हें बहाल कर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस फैसले ने एक बार फिर ब्यूरोक्रेसी में हलचल पैदा कर दी है।
Akhil Mahajan