थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, 3 यूनिट प्रभावित ,करोड़ों का नुकसान
फरीदाबाद के मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया में थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। 18 दमकल गाड़ियों ने 4 घंटे में आग पर काबू पाया, तीन कंपनियां प्रभावित हुईं।
■ फरीदाबाद की थर्माकोल फैक्ट्री में भीषण आग, कई धमाके
■ आग की चपेट में आईं 2 अन्य कंपनियां, करोड़ों का नुकसान
■ 18 दमकल गाड़ियों ने 4 घंटे में पाया काबू, कोई जनहानि नहीं
हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित मुजेसर इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार रात एक थर्माकोल फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पास की दो अन्य कंपनियां भी इसकी चपेट में आ गईं। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर लगातार धमाके होने की आवाजें सुनाई दीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस के अनुसार, प्लॉट नंबर 110 में स्थित किरण पैकेजिंग इंडस्ट्री में अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को तुरंत बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि हादसे में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
आग की लपटों ने पास ही स्थित ओमेगा ब्राइट स्टील इंडस्ट्री और एनवोसफे एक्वा सॉल्यूशन्स को भी अपनी चपेट में ले लिया। इनमें सबसे ज्यादा नुकसान किरण पैकेजिंग और ओमेगा ब्राइट स्टील इंडस्ट्री को हुआ, जबकि एनवोसफे एक्वा सॉल्यूशन्स का पिछला हिस्सा प्रभावित हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर इलाके की ट्रैफिक व्यवस्था रोक दी और केवल दमकल वाहनों को ही अंदर जाने दिया।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए। पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी इसी औद्योगिक क्षेत्र में एक वर्कशॉप में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें केमिकल ड्रम फटने से कई लोगों की जान चली गई थी। ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मुजेसर थाना प्रभारी पूरण सिंह ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही आग की असली वजह सामने आएगी।
shubham