हरियाणा के इस कांग्रेस विधायक को मिली बम से उड़ाने की धमकी !

झज्जर से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली। आरोपी ने फोन पर गालियां दीं और 12 नेताओं को धमकी देने का दावा किया।

हरियाणा के इस  कांग्रेस विधायक को मिली बम से उड़ाने की धमकी !
  • कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को बम से उड़ाने की धमकी
  • आरोपी ने 10 मिनट तक फोन पर गंदी गालियां दीं, खुद को यूपी के कानपुर का बताया
  • संपत सिंह, दिग्विजय चौटाला समेत 12 नेताओं को भी धमकी देने का दावा


हरियाणा के झज्जर जिले की बादली विधानसभा से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। विधायक के अनुसार, आरोपी ने उन्हें फोन कर करीब 10 मिनट तक गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी विधायक ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सार्वजनिक की।

विधायक कुलदीप वत्स ने बताया कि आरोपी की कॉल तीन दिन पहले आई थी और उनसे 11 मिनट 27 सेकेंड तक बातचीत हुई। आरोपी ने खुद को उत्तर प्रदेश के कानपुर का निवासी बताया। कॉल के दौरान उसने न सिर्फ गंदी गालियां दीं, बल्कि खुलेआम बम से उड़ाने की धमकी भी दी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक ने 9 सेकेंड की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सुनाई, जिसमें आरोपी कहता है कि देश का कल्याण तभी होगा जब सभी सांसद और विधायकों को एक छत के नीचे बैठाकर बम मार दिया जाए। इस बयान के बाद मामला और गंभीर हो गया।

विधायक का दावा है कि आरोपी इससे पहले भी कई नेताओं को धमकी दे चुका है। उन्होंने कहा कि संपत सिंह, दिग्विजय चौटाला समेत हरियाणा के कुल 12 नेताओं को इसी आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी है। इन सभी नेताओं के नाम उन्होंने एक लिखित नोट जारी कर सार्वजनिक किए।

कुलदीप वत्स ने बताया कि आरोपी की कॉल से पहले वे झज्जर के किरावड़ गांव में एक सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। यह कार्यक्रम बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद करने वाले रामपाल के सम्मान में आयोजित किया गया था। उसी कार्यक्रम को लेकर आरोपी नाराज बताया जा रहा है।

विधायक के अनुसार, आरोपी ने पहले हालचाल पूछी और फिर अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्हें धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन इस बार मामला गंभीर होने के कारण पुलिस को पूरी रिकॉर्डिंग सौंप दी गई है।

इस मामले में डीसीपी क्राइम झज्जर अमित दहिया ने बताया कि विधायक की शिकायत मिल चुकी है। जिस नंबर से कॉल आई है, उसे ट्रेस किया जा रहा है और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा किया गया है।

विधायक कुलदीप वत्स ने साफ कहा कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी सरकार और पुलिस की है, और वे डीजीपी व एडीजीपी से मिलकर सख्त कार्रवाई की मांग करेंगे।