पीएम - सीएम के पोस्टर पर कालिख पोतने के आरोप में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

भिवानी में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मंदीप सुई को पीएम-सीएम पोस्टरों पर कालिख पोतने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया। मौके पर कांग्रेस नेताओं और पुलिस में तीखी नोक-झोंक हुई।

पीएम - सीएम के पोस्टर पर कालिख पोतने के आरोप में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष गिरफ्तार,  जानें पूरा मामला
  • भिवानी यूथ कांग्रेस अध्यक्ष मंदीप सुई गिरफ्तार

  • पीएम-सीएम पोस्टर पर कालिख पोतने का आरोप

  • शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया व पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक



भिवानी में शुक्रवार रात यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मंदीप सुई को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन पर आरोप है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के पोस्टरों पर कालिख पोती थी। बस स्टैंड पर सिरसा डिपो की रोडवेज बस पर लगे पोस्टरों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध के दौरान कालिख लगाई थी। रोडवेज कर्मियों ने मौके से कुछ युवकों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मामला तनावपूर्ण हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भिवानी कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष प्रदीप गुलिया और कांग्रेस नेता धीरज सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस द्वारा मंदीप सुई को ले जाने का विरोध करते हुए नेताओं और पुलिस के बीच तीखी नोक-झोंक हुई। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन जानबूझकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रहा है।

प्रदीप गुलिया ने कहा कि कांग्रेस द्वारा "वोट चोर गद्दी छोड़" अभियान चलाया जा रहा है और इसी अभियान के तहत लगातार प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक विरोध को अपराध बताकर सरकार आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई कर रही है, जो स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि पूरी कांग्रेस मंदीप सुई के साथ खड़ी है।

शुक्रवार को दिन में भी "वोट चोर गद्दी छोड़" अभियान के तहत युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव व सहप्रभारी प्रियंका चंदेला भिवानी पहुंची थीं। यहां उनकी बैठक हुई और वाहनों पर जागरूकता स्टिकर लगाए गए। बताया गया कि गिरफ्तारी के समय मंदीप सुई बस स्टैंड एरिया में विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।