अर्शदीप सिंह ने तोड़ा पाकिस्‍तानी गेंदबाज अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, दुनिया के सबसे सफल T20I बॉलर बने..

अर्शदीप सिंह ने नागपुर टी20 में नई गेंद से विकेट लेकर शाहीन अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वह टी20 इंटरनेशनल में शुरुआती दो ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।

अर्शदीप सिंह ने तोड़ा पाकिस्‍तानी गेंदबाज अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड, दुनिया के सबसे सफल T20I बॉलर बने..

➤ अर्शदीप सिंह ने नई गेंद से लिया विकेट, शाहीन अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा
➤ टी20 इंटरनेशनल में शुरुआती दो ओवरों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने
➤ नागपुर टी20 में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया



भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने एक बार फिर नई गेंद से अपनी धार साबित करते हुए इतिहास रच दिया है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच नागपुर में खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में अर्शदीप ने पहले ही ओवर में विकेट चटकाकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया।

अर्शदीप सिंह ने मैच में 4 ओवर में 31 रन देकर 1 विकेट लिया। उन्होंने पारी के पहले ही ओवर में डेवोन कॉनवे को आउट कर न्यूजीलैंड के टॉप ऑर्डर पर दबाव बना दिया। इसके साथ ही अर्शदीप टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शुरुआती दो ओवरों में गेंदबाजी करते हुए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने 67 पारियों में 28 विकेट लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड शाहीन अफरीदी और यूएई के जुनैद सिद्दीकी के नाम संयुक्त रूप से था, जिनके खाते में 27-27 विकेट थे।

यह 12वीं बार था जब अर्शदीप ने पारी के पहले ओवर में विकेट लिया। हालांकि इस मामले में वह टी20 फॉर्मेट में अभी 10वें स्थान पर हैं। इसके अलावा अर्शदीप सिंह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी हैं। उन्होंने अब तक 73 मैचों में 111 विकेट झटके हैं। वर्ष 2025 में वह भारत की ओर से इस फॉर्मेट में 100 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज बने थे।

मैच की बात करें तो भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रनों से हराकर सीरीज में बढ़त बना ली। भारत की जीत में सबसे बड़ा योगदान अभिषेक शर्मा का रहा, जिन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में 84 रन की विस्फोटक पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने 32 रन और हार्दिक पंड्या ने 25 रन बनाए। अंत में रिंकू सिंह ने 20 गेंदों में 44 रन ठोककर स्कोर को 238 रन तक पहुंचाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी।