हरियाणा में आग, चार साल का बच्चा और युवती जिंदा जले, मौत
आग भड़कने से 4 वर्षीय बच्चे और 25 वर्षीय लड़की की मौत हो गई। 13 वर्षीय अनुष्का गंभीर रूप से झुलसी, PGI रेफर किया गया।
• अंबाला में गजक बनाते समय भट्टी में आग, दो की मौत
• 4 साल का बच्चा और 25 वर्षीय लड़की आग की चपेट में आए
• 13 वर्षीय अनुष्का गंभीर, PGI रेफर
हरियाणा के अंबाला शहर में गुरुवार दोपहर बड़ा हादसा हुआ। जगाधरी गेट क्षेत्र में गजक बनाने के दौरान भट्टी में अचानक आग भड़क गई। आग की चपेट में आकर 4 वर्षीय प्रियांशु और 25 वर्षीय एकता की मौत हो गई। जबकि 13 वर्षीय अनुष्का शर्मा गंभीर रूप से झुलस गई है। उसे हालत नाजुक होने पर PGI रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घर में रोजाना गजक बनाने का काम होता था। गुरुवार दोपहर भट्टी में चिंगारी उठी और आग तेजी से फैल गई। उस समय बच्चे और लड़की कमरे में ही फंस गए और बाहर निकल नहीं पाए। आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो लोग बुरी तरह झुलस चुके थे।
घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल अंबाला ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रियांशु और एकता को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
दमकल अधिकारी तरसेम राणा ने बताया कि आग लगने की वजह भट्टी से उठी चिंगारी होने की आशंका है। सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
Author1