दिवाली की रात भाभी का खौफनाक कदम, इंजीनियर देवर का प्राइवेट पार्ट काटा
आगरा में दिवाली की रात भाभी ने अपनी बहन से शादी न करने पर सीमेंट कंपनी के इंजीनियर देवर का प्राइवेट पार्ट काट दिया। युवक गंभीर हालत में दिल्ली रेफर, भाभी पति के साथ फरार। पुलिस ने केस दर्ज कर जाँच शुरू की।
-रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात: भाभी ने देवर को लहूलुहान किया, पति संग फरार
-शादी का दबाव काम न आया तो देवर पर बेरहम हमला, भाभी-पति फरार
आगरा के बरहन क्षेत्र के एक गाँव में दिवाली की रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक जघन्य वारदात सामने आई है। हल्द्वानी स्थित एक सीमेंट कंपनी के सहायक इंजीनियर योगेश कुमार छुट्टी लेकर दिवाली मनाने अपने घर आए थे। अगले महीने उनकी शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी भाभी अर्चना ने उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना सोमवार देर रात करीब दो बजे हुई, जब योगेश घर के बाहर सो रहे थे। परिजनों के आरोप के अनुसार, तीन बच्चों की माँ उनकी भाभी अर्चना ने उन्हें अपने कमरे में बुलाया और धारदार हथियार से उनका प्राइवेट पार्ट काट दिया। योगेश की चीख सुनकर परिवार में चीखपुकार मच गई और परिजन तत्काल उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत दिल्ली रेफर कर दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाभी अर्चना अपने पति (योगेश के बड़े भाई) के साथ घर से फरार हो गई। इस घटना को लेकर गाँव में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षित और अच्छी कंपनी में नौकरी करने वाले योगेश की शादी परिजन ने दूसरी जगह तय कर दी थी, जबकि भाभी अर्चना अपनी छोटी बहन से योगेश की शादी कराने का दबाव बना रही थी। शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज होकर ही भाभी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया।
घायल देवर की जेठानी ने देर शाम थाने में आरोपी देवरानी अर्चना के खिलाफ तहरीर दी है। एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपी दंपत्ति की तलाश में जुट गई है। घायल इंजीनियर के होश में आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण का पूरी तरह से पता चल पाएगा।
Author1