'मैंने पहले ही बोला था...', बंगाल में बीजेपी प्रचंड जीत की ओर, ममता बनर्जी का आया पहला रिएक्शन
पश्चिम बंगाल चुनाव रुझानों में बीजेपी 192 सीटों पर आगे है। ममता बनर्जी ने मतगणना धीमी होने और केंद्रीय बलों पर आरोप लगाते हुए जीत का दावा किया।
➤ पश्चिम बंगाल में बीजेपी रुझानों में प्रचंड बढ़त की ओर
➤ ममता बनर्जी ने मतगणना पर लगाए गंभीर आरोप
➤ टीएमसी का दावा, जहां बढ़त वहां काउंटिंग धीमी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के रुझान सामने आने लगे हैं और शुरुआती आंकड़ों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ी बढ़त मिलती दिख रही है। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, दोपहर करीब 1:38 बजे तक बीजेपी 192 सीटों पर आगे चल रही थी, जिससे राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर होने के संकेत मिल रहे हैं।
इन रुझानों के बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पहला बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। ममता बनर्जी ने दावा किया कि जिन सीटों पर उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) बढ़त बना रही है, वहां मतगणना जानबूझकर धीमी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति पहले से आशंका के अनुरूप है और पार्टी कार्यकर्ताओं को पहले ही सतर्क रहने के निर्देश दिए गए थे। ममता बनर्जी ने अपने बयान में कहा, “जब तक आखिरी वोट की गिनती पूरी नहीं हो जाती, तब तक हमें डटे रहना होगा। असली तस्वीर आखिरी राउंड के बाद ही सामने आएगी और हम ही जीतेंगे।”
इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय बलों पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उनके कार्यकर्ताओं के साथ अत्याचार किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे किसी भी स्थिति में मैदान न छोड़ें और अंतिम परिणाम आने तक सतर्क बने रहें।
राज्य में तेजी से बदलते इन रुझानों के बीच राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। जहां एक ओर बीजेपी खेमे में उत्साह का माहौल है, वहीं टीएमसी अपने दावों और आरोपों के साथ अंतिम नतीजों का इंतजार कर रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अभी आखिरी परिणाम आने में समय है और कई सीटों पर स्थिति बदल भी सकती है। ऐसे में दोनों दलों की नजरें अब अंतिम मतगणना पर टिकी हुई हैं, जो राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगी।
ममता बोलीं- अंतिम राउंड के बाद जीत हमारी ही होगी
काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिंग सेंटर छोड़कर न जाएं। यह BJP की चाल है, मैं कल से ही यह कह रही हूं कि वे पहले उन्हें ही आगे दिखाएंगे। उन्होंने कई जगहों पर काउंटिंग रोक दी है।
हम 100 से ज्यादा सीटों पर आगे हैं, जिसकी रिपोर्ट नहीं की जा रही है। सब कुछ गलत रिपोर्ट किया जा रहा है। चुनाव आयोग पूरी तरह अपनी मनमर्जी से काम कर रहा है। पुलिस भी केंद्रीय बलों के साथ मिलकर काम कर रही है।
मैं पार्टी कार्यकर्ताओं से कहती हूं कि निराश होने की कोई जरूरत नहीं है। सूरज डूबने के बाद आप ही जीतेंगे। 2-4 राउंड की काउंटिंग हो चुकी है, काउंटिंग 14-18 राउंड तक चलती है और हम ही जीतेंगे। किसी को भी डरने की कोई जरूरत नहीं है।
बंगाल की 5 हॉट सीटों पर कौन आगे, कौन पीछे
- भवानीपुर में ममता बनर्जी भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी से 13842 वोटों से आगे चल रही हैं।
- सुवेंदु अधिकारी अपनी दूसरी सीट नंदीग्राम से 8702 वोटों से आगे चल रहे हैं। टीएमसी के पबित्र कर पीछे
- बहरामपुर सीट पर कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी भाजपा उम्मीदवार शुभ्रत मैत्रा से 5669 वोटों से पीछे।
- रेजीनगर से हुमायूं कबीर भाजपा के बपन घोष से 32738 वोटों से आगे चल रहे हैं।
- पानीहाटी सीट पर भाजपा उम्मीदवार आरजीकर रेप विक्टिम की मां करीब 10 हजार वोटों से आगे चल रही हैं।
Akhil Mahajan