केंद्रीय बजट 2026 से हरियाणा को ऐतिहासिक गति: सीएम सैनी

केंद्रीय बजट 2026–27 से हरियाणा के उद्योग, कृषि और युवाओं को नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट को विकास और रोजगार के लिए ऐतिहासिक बताया।

केंद्रीय बजट 2026 से हरियाणा को ऐतिहासिक गति: सीएम सैनी

केंद्रीय बजट 2026 से हरियाणा के उद्योग, कृषि और युवाओं को नई रफ्तार
एमएसएमई, सेमीकंडक्टर और इंफ्रा प्रोजेक्ट्स से खुलेंगे निवेश-रोजगार के द्वार
डबल इंजन सरकार से हरियाणा बनेगा देश की ग्रोथ का मजबूत इंजन


 हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026–27 का स्वागत करते हुए इसे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक और दूरगामी प्रभाव वाला बताया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, उद्योग और युवाओं के रोजगार को नई दिशा देने वाला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह देश के इतिहास में पहली बार है जब केंद्रीय बजट रविवार के दिन प्रस्तुत किया गया है, जो केंद्र सरकार के दूरदर्शी विजन और तेज़ विकास के संकल्प को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट आर्थिक वृद्धि को तेज करने, लोगों की क्षमताओं को मजबूत करने और सबका साथ–सबका विकास की भावना से प्रेरित है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 53.5 लाख करोड़ रुपये के कुल बजट में पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। यह बढ़ा हुआ कैपेक्स हरियाणा जैसे तेजी से विकसित हो रहे राज्य के लिए वरदान साबित होगा।

उन्होंने कहा कि बजट में राज्यों को 1.4 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त कर हिस्सा देने का प्रावधान किया गया है। 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार राज्यों का हिस्सा 41 प्रतिशत पर बरकरार रखा गया है। इससे हरियाणा को शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और सड़कों जैसी योजनाओं को मजबूत करने के लिए स्थिर वित्तीय सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ा हुआ पूंजीगत व्यय रेल, सड़क, आरआरटीएस (दिल्ली–गुरुग्राम–फरीदाबाद कॉरिडोर), ईवी चार्जिंग नेटवर्क और इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप जैसी परियोजनाओं को गति देगा। आईएमटी खरखोदा, मानेसर और अन्य क्षेत्रों में नए निवेश से लाखों रोजगार सृजित होंगे।

स्किल डेवलपमेंट और टेक्नोलॉजी हब को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 पर विशेष फोकस किया गया है। इससे हरियाणा के इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूती मिलेगी। एमएसएमई, स्टार्टअप और बायोफार्मा के लिए किए गए प्रावधान राज्य के युवाओं को नए अवसर देंगे।

कृषि और ग्रामीण विकास को मिलेगी मजबूती

हरियाणा को कृषि प्रधान राज्य बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में फसल विविधीकरण, जल संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। इससे किसानों और एग्री-इंडस्ट्री को सीधा लाभ मिलेगा। ‘मेरा पानी–मेरी विरासत’ जैसी योजनाओं को राष्ट्रीय पहचान मिलेगी।

भविष्य के क्षेत्रों पर बड़ा फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में मेडिकल टूरिज्म, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्किल डेवलपमेंट, कार्बन कैप्चर और कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। टैक्स सरलीकरण, महंगाई नियंत्रण और मध्यम वर्ग को राहत से आम नागरिकों को भी फायदा होगा। बायोफार्मा और लाइफ साइंसेज़ के लिए 10,000 करोड़ रुपये के इनिशिएटिव से हेल्थ सेक्टर मजबूत होगा।

हरियाणा को ग्रोथ इंजन बनाने वाला बजट

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह बजट विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को हासिल करने में हरियाणा को देश का ग्रोथ इंजन बनाने वाला साबित होगा। डबल इंजन सरकार की साझेदारी से राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और समृद्धि को नई ऊर्जा मिलेगी।