जमीनी विवाद: पोते ने खेत में दादा की हत्या
रोहतक के ईस्माइला गांव में जमीनी विवाद के चलते पोते ने खेतों में अपने दादा की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से सबूत जुटाए।
-
रोहतक के गांव ईस्माइला 11बी में पोते ने दादा की खेतों में हत्या
-
जमीनी विवाद बना हत्या का कारण, आरोपी फरार
-
पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से जुटाए अहम सबूत
रोहतक जिले के गांव ईस्माइला 11बी में जमीनी विवाद के चलते पोते द्वारा दादा की हत्या का मामला सामने आया है। शुक्रवार को खेतों में ले जाकर 22 वर्षीय कपिल ने अपने दादा सतबीर पर लोहे की रॉड से हमला कर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया।
हत्या की जानकारी मिलते ही सांपला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और परिवार से मृतक की पहचान करवाई।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ समय से परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। लगभग 25–30 गज जमीन पर चल रहे झगड़े को ही हत्या की वजह माना जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद पोते ने गुस्से में यह कदम उठाया।
पुलिस ने मौके पर एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से मिट्टी, खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए, जिससे जांच को आगे मजबूत किया जा सके।
सांपला थाना पुलिस कपिल की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का असली कारण सामने लाया जाएगा।
इस वारदात ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग जमीन को लेकर बढ़ते विवादों और पारिवारिक तनाव के ऐसे रूप से हैरान हैं।
Author1