पानीपत स्कूल फिरौती केस के तार यूपी से जुड़े. मेरठ पुलिस ने सोनीपत से दबोचा आरोपी सन्नी, जानें पूरा मामला

पानीपत के चार स्कूलों के चेयरमैन से 25 लाख की फिरौती मामले के तार यूपी से जुड़े। मेरठ पुलिस ने आरोपी सन्नी को सोनीपत से गिरफ्तार किया। IP एड्रेस से हुआ खुलासा।

पानीपत स्कूल फिरौती केस के तार यूपी से जुड़े. मेरठ पुलिस ने सोनीपत से दबोचा आरोपी सन्नी, जानें पूरा मामला
  • पानीपत के चार स्कूलों से फिरौती मामले के तार यूपी से जुड़े
  • मेरठ पुलिस ने आरोपी सन्नी को सोनीपत से दबोचा
  • ई-मेल और IP एड्रेस के जरिए हुआ बड़ा खुलासा


पानीपत में चार स्कूलों के चेयरमैन से 25 लाख रुपए की फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस केस के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े पाए गए हैं। मेरठ पुलिस की कार्रवाई के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने पानीपत के एक स्कूल चेयरमैन से भी फिरौती की मांग की थी।

मेरठ पुलिस ने वहां के एक स्कूल संचालक से रंगदारी मांगने के मामले में एक बदमाश को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पानीपत के सेक्टर 13/17 क्षेत्र में स्कूल चला रहे चेयरमैन विजेंद्र मान से भी 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।

खास बात यह रही कि आरोपी पानीपत से सटे सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र में छिपा हुआ था। पानीपत पुलिस के पहुंचने से पहले ही मेरठ पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

सन्नी को मेरठ पुलिस ने सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र से काबू किया है। - Dainik Bhaskar

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सन्नी उर्फ सनी के रूप में हुई है। यूपी पुलिस टीम ने आरोपी के सिस्टम के IP एड्रेस के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस की और सोनीपत के खेड़ी रोड स्थित गांधी नगर पहुंची। यहां से आरोपी को काबू किया गया।

पानीपत पुलिस अब आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी कर रही है, ताकि पानीपत में दर्ज फिरौती के मामले में उससे पूछताछ की जा सके।

जानें क्या था पानीपत का मामला
पानीपत के सेक्टर 13/17 क्षेत्र में स्कूल चला रहे विजेंद्र मान ने पुलिस को शिकायत दी थी कि वह चार अलग-अलग स्कूलों के चेयरमैन हैं। 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजकर 18 मिनट पर स्कूल की ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ।

ई-मेल में 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई थी। साथ ही फिरौती न देने पर चेयरमैन और उनके परिवार को गोलियों से भूनने की धमकी दी गई थी। इस शिकायत पर पुलिस ने 16 दिसंबर को धारा 308(2) और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था।

मेरठ में ऐसे सामने आया आरोपी
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर जी ब्लॉक में स्थित द गुरुकुलम इंटरनेशनल स्कूल के संचालक कमलजीत सिंह को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिला था। 10 दिसंबर की शाम उन्होंने जब ई-मेल चेक किया तो एक अनजान मेल में हथियारों की तस्वीरें और एक ऑडियो क्लिप मिली।

इस ऑडियो क्लिप के जरिए 10 लाख रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। शिकायत के बाद मेरठ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

IP एड्रेस से ट्रेस हुई लोकेशन
ई-मेल के जरिए रंगदारी मांगे जाने के कारण पुलिस ने संबंधित सिस्टम का IP एड्रेस निकाला। यह ई-मेल जी-मेल से भेजा गया था, जिसके लिए गूगल के मुख्यालय से जानकारी प्राप्त की गई।

IP एड्रेस के आधार पर मेरठ पुलिस और स्वॉट टीम हरियाणा के सोनीपत जिले तक पहुंची। खेड़ी रोड गांधी नगर से सन्नी उर्फ सनी को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में किया जुर्म कबूल
पूछताछ में सन्नी उर्फ सनी ने मेरठ के स्कूल संचालक को ई-मेल भेजने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसके सिस्टम से इससे जुड़े साक्ष्य भी बरामद किए।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पानीपत के थाना सेक्टर 13/17 में अप्रैल माह में भी इसी तरह का एक मामला दर्ज हो चुका है। उस समय भी उसने स्कूल चेयरमैन विजेंद्र मान से 25 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।