पानीपत में व्यापारी से 2.5 करोड़ की फिरौती, बंबीहा गैंग के नाम पर धमकी
पानीपत में एक व्यापारी से बंबीहा गैंग के नाम पर 2.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज भेजे गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
- पानीपत में व्यापारी से 2.5 करोड़ की फिरौती मांगी गई
- बंबीहा गैंग के नाम पर विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज भेजे गए
- परिवार दिनभर दहशत में रहा, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
पानीपत में एक व्यापारी को बंबीहा गैंग के नाम पर 2.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। व्यापारी को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल और ऑडियो मैसेज भेजकर धमकाया गया, जिससे पूरा परिवार दिनभर दहशत में रहा। घटना के बाद व्यापारी ने पुलिस को शिकायत दी, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सेक्टर-12 हुडा निवासी यशपाल गर्ग ने थाना चांदनी बाग में दी शिकायत में बताया कि 18 दिसंबर की सुबह करीब 11:08 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने अपना नाम संदीप राणा बताया और खुद को बंबीहा गैंग का सदस्य बताते हुए 2.5 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी। डर के चलते व्यापारी ने तुरंत कॉल काट दी।
कॉल काटने के बाद उसी नंबर से 5 से 6 बार फिर कॉल आईं। इसके बाद व्यापारी ने उस नंबर को ब्लैकलिस्ट कर दिया। कुछ देर बाद एक अन्य नंबर से व्हाट्सएप पर ऑडियो मैसेज भेजा गया, लेकिन जब तक उसे सुना जाता, वह मैसेज डिलीट कर दिया गया। इस घटना के बाद व्यापारी और उसका परिवार पूरे दिन भय के माहौल में रहा।
व्यापारी की शिकायत पर थाना चांदनी बाग पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 308(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से धमकी देने वाले नंबरों की लोकेशन और पहचान का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
Author1