क्रेच से अगवा मासूम बच्चे की हत्या, मां का करीबी था हत्‍यारा

पंचकूला में क्रेच से अगवा मासूम बच्चे की हत्या का मामला सामने आया। बच्चे का शव बोरी में मिला। मां के करीबी युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया।

क्रेच से अगवा मासूम बच्चे की हत्या, मां का करीबी था हत्‍यारा


➤ मां के साथ संबंध रखने वाला युवक हिरासत में
➤ बोरी में बंद शव सुखोमाजरी बाईपास पुल के नीचे मिला



हरियाणा के पंचकूला में  क्रेच से अगवा किए गए मासूम बच्चे का अंत बेहद दुखद रहा। पुलिस ने बच्चे का शव सुखोमाजरी बाईपास पुल के नीचे एक बोरी में बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने बच्चे की मां के साथ संबंध रखने वाले युवक को हिरासत में ले लिया है। 

जानकारी के अनुसार डेराबस्सी की रहने वाली लक्ष्मी का पिंजौर निवासी एक युवक के साथ संबंध था। 24 जनवरी को महिला ने अपने बच्चे को पहली बार सेक्टर-12A स्थित एक क्रेच में छोड़ा था। करीब 11 बजे आरोपी युवक क्रेच पहुंचा और खुद को बच्चे का पिता बताकर उसे साथ ले गया। क्रेच संचालिका ने मां से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद होने के कारण बिना पहचान सत्यापन के बच्चा सौंप दिया गया।

पंचकूला में बच्चे का अपहरण कर ले जाते हुए युवक।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे की मौजूदगी से परेशान रहता था और इसे अपने रिश्ते में बाधा मानता था। इसी कारण उसने महिला पर दबाव बनाकर बच्चे को क्रेच में दाखिल करवाया था। यह भी सामने आया कि आरोपी ने करीब 15 दिन पहले क्रेच की रेकी की थी और बच्चे के पहले ही दिन मौके का फायदा उठाया।

पंचकूला में घटनास्थल पर जांच करते हुए पुलिस टीम।

क्रेच से बच्चे को ले जाने के बाद आरोपी फरार हो गया। बाद में पुलिस को सुखोमाजरी बाईपास पुल के नीचे से बोरी में बंद शव मिला। हिरासत में आने के बाद आरोपी ने पुलिस के सामने बार-बार बयान बदले, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।