हरियाणा में सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत

पलवल के पृथला गांव के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों कंपनी में सैलरी लेने जा रही थीं। पुलिस ने मामला दर्ज किया।

हरियाणा में सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत
  • पलवल में कार की टक्कर से दो सगी बहनों की दर्दनाक मौत

  • कंपनी में सैलरी लेने जा रही थीं, नेशनल हाईवे-19 पर हुआ हादसा

  • पुलिस ने अज्ञात कार चालक पर दर्ज किया केस, फरार आरोपी की तलाश


नेशनल हाईवे-19 पर पृथला गांव के पास एक दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों बहनें एक निजी कंपनी से वेतन लेने जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक बहनों की पहचान अहिल्या (41 वर्ष) और ललिता (21 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों राजीव नगर, पलवल की रहने वाली थीं। पिता दशरथ ने पुलिस को बताया कि उनकी तीन बेटियां और दो बेटे हैं। रविवार को अहिल्या और ललिता कंपनी में सैलरी लेने जा रही थीं।

दोनों बहनें ऑटो से उतरकर पृथला के पास हाईवे पार कर रही थीं, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बहनें सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद कार चालक अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को पलवल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना गदपुरी प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।