नारनौल सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्चे की मौत
नारनौल में बारिश से बचने के लिए शेड के नीचे खड़े 10 वर्षीय बच्चे को तेज रफ्तार और गलत दिशा से आई कार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
■ बारिश से बचने शेड के नीचे खड़े बच्चे को कार ने कुचला
■ तेज रफ्तार और गलत दिशा से आई गाड़ी, 10 वर्षीय लक्ष्य की मौत
■ जयपुर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय मासूम लक्ष्य की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा अपने भाई के साथ बारिश से बचने के लिए सड़क किनारे बने टीन शेड के नीचे खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और गलत दिशा से आ रही एक कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक बच्चे के चाचा राजेश शर्मा ने बताया कि बुधवार रात करीब 7 बजे उनके भाई के दो बेटे किसी कार्यक्रम में खाना खाकर घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक बारिश शुरू हो गई, जिससे बचने के लिए दोनों भाई सड़क के डिवाइडर के पास बने टीन शेड के नीचे खड़े हो गए। उसी दौरान गांव भांखरी की ओर से एक कार तेज रफ्तार और गलत दिशा में आती हुई वहां पहुंची। चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे शेड के नीचे खड़े लक्ष्य को टक्कर मार गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों और परिजनों ने बच्चे को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे जयपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही लक्ष्य ने दम तोड़ दिया। जैसे ही बच्चे की मौत की खबर परिवार को मिली, घर में कोहराम मच गया।
मृतक लक्ष्य दूसरी कक्षा का छात्र था और उसके पिता किशन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। लक्ष्य अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था और परिवार का लाडला था। घटना के बाद परिजन बच्चे के शव को नारनौल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आज उसका पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। परिजनों ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
shubham