मना करने पर पति ने की पूजा तो गुस्साई पत्नी ने मारी गोली, हरियाणा में वारदात
झज्जर में पूजा को लेकर विवाद के बाद पति पर दो बार फायरिंग का आरोप है। घायल पति खुद बाइक से थाने पहुंचा। पत्नी-बेटे समेत पांच पर केस दर्ज हुआ।
➤ बाबा श्याम की पूजा को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद
➤ लॉकर तोड़कर लाइसेंसी पिस्टल निकालने और दो बार फायरिंग का आरोप
➤ घायल पति खुद बाइक चलाकर थाना पहुंचा, पत्नी-बेटे समेत 5 पर केस
हरियाणा के झज्जर में पूजा करने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला पर अपने पति को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारने का आरोप लगा है। पीड़ित जोगेंद्र के अनुसार, विवाद उस समय बढ़ गया जब वह घर में बाबा श्याम की पूजा कर रहा था। आरोप है कि पत्नी ने उसे पूजा करने से मना किया और विवाद के दौरान पत्नी तथा बेटे ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। इसके बाद जोगेंद्र पर दो बार फायरिंग की गई। एक गोली उसके बाएं पैर में घुटने से ऊपर लगी, जबकि दूसरी गोली पेट में लगी। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जोगेंद्र खुद बाइक चलाकर सेक्टर-6 थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
छत पर जाने से शुरू हुआ विवाद
सांखोल गांव निवासी जोगेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर की छत पर गया था। इसी दौरान उसकी पत्नी ने छत का दरवाजा बंद कर दिया। जोगेंद्र के अनुसार, किसी तरह दरवाजा खोलकर वह नीचे आया और घर के एक कमरे में बाबा श्याम की पूजा करने लगा।
आरोप है कि पत्नी ने उसे पूजा करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला फायरिंग तक पहुंच गया।
लॉकर तोड़कर निकाली लाइसेंसी पिस्टल
जोगेंद्र के मुताबिक, विवाद के दौरान उसकी पत्नी और बेटे ने अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। इसी दौरान जोगेंद्र अपना मोबाइल लेने के लिए पड़ोसी के घर गया था, जहां मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था।
शिकायत के अनुसार, मोबाइल लेकर जब जोगेंद्र वापस घर पहुंचा, तभी उसकी पत्नी ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके बाएं पैर में घुटने से ऊपर लगी। गोली लगने के बाद वह वहां से भाग निकला।
गोली लगने के बाद बाइक लेने गया
जोगेंद्र ने बताया कि पहली गोली लगने के बाद उसने किसी तरह खुद को संभाला और वहां से निकल गया। उसने घर की बाहर से कुंडी लगाई और दूसरी जगह खड़ी अपनी बाइक लेने चला गया।
इसके बाद वह बाइक लेकर दोबारा घर पहुंचा। शिकायत के अनुसार, उसके घर पहुंचते ही पत्नी ने उस पर फिर गोली चला दी। इस बार गोली उसके पेट में लगी। दो गोलियां लगने के बाद भी जोगेंद्र ने हिम्मत नहीं छोड़ी और घायल हालत में बाइक लेकर थाने की ओर निकल गया।
घायल हालत में खुद बाइक चलाकर थाने पहुंचा
पेट में गोली लगने के बावजूद जोगेंद्र खुद बाइक चलाकर थाना सेक्टर-6 पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने उसे घायल अवस्था में देखा तो तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए उसे ब्रह्मशक्ति अस्पताल रेफर कर दिया गया। जोगेंद्र ने पुलिस को यह भी बताया कि वह पहले प्राइवेट पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर के तौर पर काम कर चुका है।
डॉक्टर बोले- पैर की गोली आर-पार हो चुकी
अस्पताल में इलाज कर रहे डॉ. पीयूष के अनुसार, जोगेंद्र को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उसके पैर में लगी गोली आर-पार हो चुकी है, जबकि दूसरी गोली पेट में लगी है।
डॉक्टर के अनुसार, पेट में लगी गोली को निकालने के लिए उसका ऑपरेशन किया जा रहा है। मेडिकल टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
पत्नी-बेटे समेत 5 लोगों पर केस
जोगेंद्र ने अपनी पत्नी, बेटे और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों पर फायरिंग के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। उसकी शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-5 पुलिस ने पांचों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने जोगेंद्र की पत्नी और उसके 23 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल और 28 कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले में आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फायरिंग के पीछे पारिवारिक विवाद और पूजा को लेकर हुए विवाद की भूमिका को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
Akhil Mahajan