हिमाचल :CM सुक्खू अगले तीन दिन सचिवालय से दूर, रोहड़ू में एंटी-चिट्टा रैली, गांव में लोगों के घर रुकेंगे
हिमाचल CM सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले तीन दिन सचिवालय में उपलब्ध नहीं रहेंगे। रोहड़ू, रामपुर और नोगली में एंटी-चिट्टा रैली और जनसंवाद कार्यक्रम होंगे।
रोहड़ू में एंटी-चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे CM सुक्खू
➤ भटवाड़ी गांव में लोगों के घर रुककर सुनेंगे समस्याएं
➤ 2 अक्टूबर को रामपुर और 3 अक्टूबर को नोगली से कार्यक्रम शुरू करेंगे
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अगले तीन दिन तक शिमला और सचिवालय में जनता के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। मुख्यमंत्री आज कुछ देर बाद रोहड़ू पहुंचेंगे, जहां वह एंटी-चिट्टा रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पहले वह रोहड़ू में बच्चों के साथ संवाद करेंगे और उन्हें किसी भी तरह का नशा नहीं करने की शपथ दिलाएंगे।
मुख्यमंत्री के इस दौरे के दौरान नशे के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रमों के साथ-साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। रोहड़ू के बाद मुख्यमंत्री चिड़गांव जाएंगे, जहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह चिड़गांव में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भटवाड़ी में लोगों के घर रात बिताएंगे मुख्यमंत्री
आज रात मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रोहड़ू की ग्राम पंचायत दियूदी-मयला के भटवाड़ी गांव में लोगों के घर पर रुकेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे।
मुख्यमंत्री लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने की कोशिश करेंगे। इस दौरान उनके साथ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि ग्रामीणों की ओर से रखी गई समस्याओं और मांगों पर मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री सुक्खू इससे पहले भी ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत राज्य के कई हिस्सों में गांवों का दौरा कर चुके हैं और लोगों के घरों में रात बिता चुके हैं।
2 अक्टूबर को रामपुर जाएंगे CM सुक्खू
इसी कड़ी में मुख्यमंत्री सुक्खू कल यानी 2 अक्टूबर को रामपुर जाएंगे। शिंगला में वह दिन के दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री नोग वैली के लोगों से संवाद करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री तकलेच और काशा गांव जाएंगे। काशा में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों, महिला मंडलों और युवक मंडलों से संवाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री का रात में पाठ गांव में रुकने का कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से भी तैयारियां की जा रही हैं। सीएम के दौरे से पहले तैयारियों को लेकर एसडीएम रामपुर ने बैठक ली।
3 अक्टूबर को पाठ गांव से शुरू होगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री सुक्खू 3 अक्टूबर को पाठ गांव से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। यहां से वह नोगली जाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री रामपुर के पदम उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्रों से संवाद करेंगे।
इसी दौरान मुख्यमंत्री चिट्टा विरोधी रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। कार्यक्रमों के पूरा होने के बाद मुख्यमंत्री शाम को शिमला लौटेंगे।
मुख्यमंत्री के तीन दिवसीय दौरे में ग्रामीणों से सीधे संवाद, विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान प्रमुख रूप से शामिल रहेगा।
Akhil Mahajan