हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज, इन जगहों पर 18 दिन बाद हुई बारिश, कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार

हरियाणा में करनाल में 18 दिन बाद बारिश हुई। मौसम विभाग ने 29-30 सितंबर को दक्षिणी जिलों में बूंदाबांदी की संभावना जताई है। मानसून सीजन में इस बार 38% ज्यादा बारिश दर्ज की गई।

हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज,  इन जगहों पर 18 दिन बाद हुई बारिश, कई जिलों में बूंदाबांदी के आसार

➤ करनाल में 18 दिन बाद हुई बारिश
➤ 29 और 30 सितंबर को दक्षिणी हरियाणा में बूंदाबांदी के आसार
➤ मानसून सीजन में सामान्य से 38% अधिक बारिश दर्ज


हरियाणा में सोमवार को मौसम ने करवट बदल ली। दोपहर बाद करनाल में 18 दिन बाद बारिश हुई। प्रदेश में आखिरी बार 11 सितंबर को बरसात दर्ज की गई थी, जिसके बाद 24 सितंबर को मानसून विदा हो गया था। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई थी, हालांकि दिनभर मौसम साफ बना रहा।

पिछले कई दिनों से बारिश न होने की वजह से अधिकतर जिलों का तापमान 35 डिग्री से ऊपर चला गया था। दिन में चुभती गर्मी महसूस होने लगी थी। अब मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आएगी और ठंडक का एहसास बढ़ेगा।

अरब सागर में दबाव से बदली हवाओं की दिशा

हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में दबाव क्षेत्र बनने से हवाओं का रुख बदला है। इसके चलते 3 अक्टूबर तक हरियाणा में आंशिक बादल और मौसम में बदलाव की संभावना बनी रहेगी।

अगले दो दिन बारिश की संभावना

खीचड़ के अनुसार, अरब सागर से नमी वाली हवाएं आने के कारण रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत दक्षिण हरियाणा में 29 और 30 सितंबर को बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट आएगी।

मानसून सीजन में 38% ज्यादा बारिश

हरियाणा में 1 जून से 24 सितंबर तक लगभग 114 दिन मानसून सक्रिय रहा। इस दौरान 568 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य आंकड़ा 409.07 एमएम है। यानी इस बार 38% अधिक बारिश दर्ज की गई।

  • सबसे ज्यादा बारिश: यमुनानगर (1116.5 एमएम)

  • सबसे कम बारिश: सिरसा (346.6 एमएम)

अगले 3 दिन का मौसम पूर्वानुमान

  • 30 सितंबर: नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार। अन्य जिलों में मौसम साफ।

  • 1 अक्टूबर: सभी जिलों में साफ मौसम।

  • 2 अक्टूबर: पूरे प्रदेश में साफ आसमान रहने की संभावना।