हरियाणा में तहसील का क्लर्क 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हिसार सतर्कता ब्यूरो ने सिवानी तहसील के क्लर्क अनिल कुमार को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। जमीन विवाद के आदेश लागू करवाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।

हरियाणा में तहसील का क्लर्क 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

  • तहसील सिवानी में क्लर्क अनिल कुमार 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
  • राज्य सतर्कता व भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हिसार ने की कार्रवाई
  • पीसी एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी कल अदालत में पेश होगा


राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SVB) हिसार की टीम ने सोमवार देर शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील सिवानी, जिला भिवानी के क्लर्क अनिल कुमार को 50,000 रुपये की नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 42 दिनांक 24.11.2025, धारा 7 पीसी एक्ट 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को मंगलवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

शिकायतकर्ता ने SVB हिसार में दी शिकायत में बताया कि उसकी 26 कनाल कृषि भूमि, गांव कालोद जिला भिवानी में स्थित है, जिसे राजबाला पत्नी रत्न सिंह निवासी कालोद ने कथित रूप से धोखे से अपने नाम करवा लिया था। इस मामले में शिकायतकर्ता ने सिविल कोर्ट सिवानी में दावा दायर किया, जिसमें कोर्ट ने जमीन पर स्टे आदेश जारी किए।

राजबाला ने विवादित जमीन के खाता विभाजन के लिए तहसील न्यायालय सिवानी में दावा दायर किया हुआ है, जिसकी सुनवाई नायब तहसीलदार सरजीत सिंह कर रहे हैं। शिकायतकर्ता ने तहसील कार्यालय में प्रार्थना दायर की कि जब तक सिविल कोर्ट का अंतिम फैसला नहीं आता, तब तक खाता विभाजन न किया जाए।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस मामले के आदेश लागू करवाने के नाम पर क्लर्क अनिल कुमार ने उससे 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। जानकारी मिलते ही SVB हिसार की टीम ने ट्रैप लगाकर आरोपी को रिश्वत लेते ही गिरफ्तार कर लिया।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमुख ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी सरकारी कार्य करने की एवज में रिश्वत मांगता है तो इसकी सूचना तुरंत टोल फ्री नंबर 1800-180-2022 या 1064 पर दें।