हरियाणा में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई रुकी, होटल-ढाबों पर असर घरेलू गैस सिलिंडर बुकिंग पर 25 दिन का कैप लागू

हरियाणा में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई रोक दी गई है और घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग पर 25 दिन का कैप लगा दिया गया है। इसका असर होटल-ढाबों, छोटे कारोबारियों और कई उद्योगों पर पड़ रहा है।

हरियाणा में कॉमर्शियल गैस की सप्लाई रुकी, होटल-ढाबों पर असर  घरेलू गैस सिलिंडर बुकिंग पर 25 दिन का कैप लागू

प्रदेश के कई जिलों में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई रोकी गई
घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग पर 25 दिन का कैप लागू
होटल-ढाबों, छोटे कारोबारियों और उद्योगों के कामकाज पर असर


हरियाणा में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर लगाए गए नए प्रतिबंधों का असर अब बाजार और उद्योगों पर दिखाई देने लगा है। प्रदेश के कई जिलों में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की सप्लाई रोक दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग पर 25 दिन का कैप लगा दिया गया है।

इस फैसले के चलते होटल-ढाबा संचालकों, छोटे खाद्य कारोबारियों और कई उद्योगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इसी मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ स्थित अपने आधिकारिक आवास पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में घरेलू उपभोक्ताओं को गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने और कालाबाजारी रोकने पर चर्चा हुई।

रोहतक में कॉमर्शियल गैस की कमी का असर उद्योगों पर साफ दिखाई दे रहा है।

यहां 50 से अधिक औद्योगिक इकाइयों में काम प्रभावित हुआ है। सत्या इंटरप्राइजेज समेत कई यूनिट्स में पाउडर कोटिंग, भट्टी और बॉयलर से जुड़े काम ठप पड़ गए हैं।

इसके कारण करीब 70 मजदूर फिलहाल खाली बैठे हैं, जिससे उद्योगपतियों और कामगारों दोनों में चिंता बढ़ गई है।

सोनीपत में घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य बताई जा रही है, लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है।

मुरथल क्षेत्र में जहां पाइपलाइन से गैस सप्लाई हो रही है, वहीं कुछ उद्योगों को संभावित गैस कटौती का नोटिस भी भेजा गया है।

तेल कंपनियों का कहना है कि देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और कमी को लेकर फैलाए जा रहे कई दावे भ्रामक हैं।कैथल में पिछले दो दिनों से कॉमर्शियल गैस की सप्लाई बंद है।

होटल और ढाबा संचालकों का कहना है कि उन्हें करीब 10 दिनों से सिलिंडर नहीं मिले, जिसके कारण कई जगहों पर लकड़ी से खाना बनाने की व्यवस्था करनी पड़ रही है

पानीपत में करीब 5.50 लाख घरेलू गैस उपभोक्ता हैं और यहां रोजाना लगभग 11,100 सिलिंडरों की खपत होती है।

अब यहां 25 दिन से पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो रही। इसके अलावा कॉमर्शियल सिलिंडरों की बिक्री भी बंद कर दी गई है, जिससे होटल और ढाबा संचालकों को मुश्किल हो रही है।

करनाल में करीब 3.01 लाख गैस उपभोक्ता और 42 गैस एजेंसियां हैं।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक के अनुसार मुख्यालय के निर्देश पर कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है और सिर्फ स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को ही सिलिंडर दिए जा रहे हैं

एजेंसियों से स्टॉक की नियमित रिपोर्ट भी ली जा रही है।

यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन यहां भी 25 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो रही

वहीं चरखी दादरी, नारनौल, रेवाड़ी और जींद में उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद 3-4 दिन इंतजार करना पड़ रहा है, क्योंकि एजेंसियों को पीछे से सीमित सप्लाई मिल रही है।