CM सैनी ने पंजाब CM से की मुलाकात, 4 दिन से अस्पताल में भर्ती भगवंत मान, बाढ़ से जूझते हालात पर चर्चा, मदद का भरोसा दिया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मोहाली के अस्पताल में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सेहत में सुधार हो रहा है। हरियाणा ने पंजाब को हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
➤ हरियाणा के CM नायब सैनी ने पंजाब के CM भगवंत मान से अस्पताल में मुलाकात की
➤ सीएम भगवंत मान की तबीयत में सुधार, डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी
➤ हरियाणा ने पंजाब को बाढ़ राहत में हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोमवार को मोहाली में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की। सीएम भगवंत मान पिछले चार दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी करीब 20 मिनट वहां रुके और भगवंत मान का हालचाल जाना। मीडिया से बातचीत नहीं की गई।

सीएम मान की तबीयत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के दौरान बिगड़ी थी। हालांकि उनकी सेहत में अब सुधार हो रहा है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। अस्पताल के अनुसार, उन्हें धड़कन धीमी होने और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पंजाब सरकार की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि सीएम नायब सैनी और भगवंत मान के बीच महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। हरियाणा के मुख्यमंत्री ने पंजाब में बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही पंजाब के हालात से उबरने व सीएम भगवंत मान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सीएम भगवंत मान ने पहले 2 सितंबर को फिरोजपुर के बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा किया था। 3 सितंबर की रात से उनकी तबीयत बिगड़ गई। 5 सितंबर को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि मान का इलेक्ट्रोलाइट इम्बैलेंस हुआ था।
इससे पहले पिछले साल भी सितंबर माह में उनकी तबीयत बिगड़ी थी। 26 सितंबर 2024 को उन्हें फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिसमें लैप्टोस्पायरोसिस संक्रमण के कारण दिल पर दबाव बढ़ा था। इलाज के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ था।