हरियाणा की सोसाइटी में आधी रात हुड़दंग, फॉर्च्यूनर के बोनट पर किया डांस, सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट करने वाले युवकों पर पुलिस का एक्शन

गुरुग्राम के सारे होम्स सोसाइटी में शराब पार्टी के बाद हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो गाड़ियां इंपाउंड कर ली हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है।

हरियाणा की सोसाइटी में आधी रात हुड़दंग, फॉर्च्यूनर के बोनट पर किया डांस, सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट करने वाले युवकों पर पुलिस का एक्शन

गुरुग्राम की सोसाइटी में शराब पार्टी के बाद युवकों ने मचाया हुड़दंग

फॉर्च्यूनर के बोनट पर डांस, विरोध करने पर सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट

पुलिस ने दो गाड़ियां इंपाउंड कर आरोपियों को हिरासत में लिया

गुरुग्राम के सेक्टर-92 स्थित सारे होम्स सोसाइटी में आधी रात शराब पार्टी के बाद हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों की फॉर्च्यूनर समेत दो गाड़ियों को इंपाउंड कर लिया है और संबंधित युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मामले में रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इस बीच आरडब्ल्यूए ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए हुड़दंगियों को पनाह देने वाले किराएदार को दो दिन के भीतर फ्लैट खाली करने का अल्टीमेटम दे दिया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रवीण मलिक ने इसकी पुष्टि की है।

आरडब्ल्यूए के अनुसार शनिवार देर रात कुछ बाहरी युवक सोसाइटी में रहने वाले एक किराएदार से मिलने आए थे। सभी ने पहले फ्लैट के अंदर बैठकर शराब पार्टी की और उसके बाद आधी रात को सोसाइटी के कॉमन एरिया में पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।

आरोपियों ने अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी के दरवाजे खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाया। इसके बाद कई युवक डांस करने लगे। वायरल वीडियो में एक युवक फॉर्च्यूनर के बोनट पर चढ़कर हरियाणवी गानों पर डांस करता दिखाई दे रहा है। इस घटना से सोसाइटी के लोग असहज और भयभीत हो गए।

जब सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड्स ने युवकों को शांत रहने और फ्लैट में लौटने के लिए कहा तो वे भड़क गए। आरोप है कि युवकों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर मारपीट भी की।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने बताया कि घटना के दौरान पुलिस सहायता के लिए कई बार 112 इमरजेंसी नंबर पर कॉल की गई, लेकिन काफी देर तक नंबर व्यस्त आता रहा। इससे मौके पर तुरंत पुलिस सहायता नहीं मिल सकी।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना का मुख्य आरोपी पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रह चुका है। पिछली बार पकड़े जाने पर उसने आरडब्ल्यूए को लिखित माफीनामा दिया था और उस पर जुर्माना भी लगाया गया था। इसके बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया।

इसी कारण इस बार सोसाइटी प्रबंधन ने सख्त कदम उठाते हुए मकान मालिक के माध्यम से संबंधित किराएदार को दो दिन में फ्लैट खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक डांस करते, शोर-शराबा करते और सिक्योरिटी गार्ड्स से बहस व मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी करते हुए बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। कानून का उल्लंघन करने और मारपीट में शामिल आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।