कनाडा में पढ़ाई कर रहे हरियाणा के युवक की झील में डूबने से मौ*त

फतेहाबाद के 23 वर्षीय कमल सोनी की कनाडा में झील में बोटिंग के दौरान डूबने से मौत हो गई। परिवार अब पार्थिव शरीर को भारत लाने के प्रयास में जुटा है।

कनाडा में पढ़ाई कर रहे हरियाणा के युवक की झील में डूबने से मौ*त

कनाडा में बोटिंग के दौरान फतेहाबाद के 23 वर्षीय कमल सोनी की डूबने से मौत

कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई के लिए 2023 में स्टडी वीजा पर गया था कनाडा

अगले महीने घर लौटकर माता-पिता को सरप्राइज देने की थी तैयारी, परिवार में पसरा मातम


 हरियाणा के फतेहाबाद जिले के लाजपत नगर निवासी 23 वर्षीय कमल सोनी की कनाडा में एक झील में डूबने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने दोस्तों के साथ बोटिंग के लिए गया था। घटना की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। फिलहाल कनाडा में कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और परिजन पार्थिव शरीर को भारत लाने के प्रयास में जुटे हैं।

जानकारी के अनुसार, कमल सोनी 28 दिसंबर 2023 को स्टडी वीजा पर उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गया था। वह ऑन्टारियो प्रांत में रहकर कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा था। 3 जुलाई 2026 को वह अपने दोस्तों के साथ एक झील में बोटिंग करने गया था। इसी दौरान वह पानी में डूब गया। काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

परिजनों के अनुसार, कमल अगले महीने अगस्त में भारत लौटने वाला था। 27 अगस्त को उसका 24वां जन्मदिन था और उसने बिना बताए घर पहुंचकर अपने माता-पिता को सरप्राइज देने की योजना बनाई थी। इसी महीने 30 जुलाई को बहन का जन्मदिन और अक्टूबर में माता-पिता की 26वीं शादी की सालगिरह भी थी, जिसकी तैयारियों को लेकर वह काफी उत्साहित था। लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

कमल के पिता राकेश कुमार सोनी फतेहाबाद में ज्वेलरी व्यवसायी हैं। परिवार में एक छोटा भाई है, जो बीटेक तृतीय वर्ष का छात्र है, जबकि दो बड़ी बहनें हैं, जिनमें एक विवाहित है। बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

कमल के परिजनों ने पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए सिरसा लोकसभा से सांसद कुमारी सैलजा से मदद मांगी है। इस संबंध में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद शर्मा के माध्यम से विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र भेजा गया है। पत्र में विदेश मंत्रालय और कनाडा स्थित भारतीय उच्चायोग से आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।