फरीदाबाद में कारोबारी ने सु*साइड से पहले वीडियो बनाया, पत्नी और ससुराल पर लगाए गंभीर आरोप
फरीदाबाद में कपड़ा कारोबारी ने दुकान में फंदा लगाकर जान दे दी। सुसाइड से पहले वीडियो में पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप लगाए। पुलिस ने चार लोगों पर मामला दर्ज किया है।
- फरीदाबाद में कपड़ा कारोबारी ने दुकान में फंदा लगाकर दी जान
- सुसाइड से पहले वीडियो जारी कर पत्नी और ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के लगाए आरोप
- पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में 28 वर्षीय कपड़ा कारोबारी राहुल ने अपनी दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुसाइड से पहले राहुल ने करीब डेढ़ मिनट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-3 पुलिस चौकी के जांच अधिकारी के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मृतक की पत्नी प्रीति अरोड़ा, सास वीना, ससुर बिट्टू और पत्नी की बहन नीतू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतक के पिता कृष्ण गोपाल ने आरोप लगाया कि राहुल ने दो साल पहले लव मैरिज की थी। शादी से पहले ही राहुल को लड़की के स्वभाव और लालच का पता चल गया था, लेकिन फर्जी केस में फंसाने की धमकी देकर उस पर शादी का दबाव बनाया गया। दोनों परिवारों की सहमति से शादी हुई थी।
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद पत्नी नोएडा में अपनी नौकरी करती रही। कुछ समय बाद उसने राहुल को उसके माता-पिता से अलग रहने के लिए मजबूर करना शुरू कर दिया। परिवार का आरोप है कि राहुल की अपने माता-पिता से बातचीत तक बंद करा दी गई। बाद में रोजाना के विवाद को देखते हुए परिवार ने राहुल के लिए अलग मकान और कपड़ों का शोरूम भी बनवा दिया।
पिता का आरोप है कि राहुल ने करीब चार महीने पहले अपना कपड़ों का शोरूम शुरू किया था। इसके बावजूद पत्नी उसे माता-पिता के घर आने से रोकती थी। उनका कहना है कि पत्नी अपनी सैलरी का पैसा घर पर खर्च नहीं करती थी, बल्कि राहुल से पैसे लेकर अपने मायके वालों को देती थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घर में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता था। हाल ही में घर में पानी निकालने की बात पर भी राहुल के साथ मारपीट की गई। इसके बाद पत्नी ने पुलिस में झूठी शिकायत देकर राहुल और उसके परिवार को चौकी बुलवा लिया, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था।
परिवार के मुताबिक, पत्नी घर में खाना नहीं बनाती थी और रोजाना बाहर से खाना मंगाया जाता था। साथ ही उसने शादी के बाद बच्चा पैदा करने से भी इनकार कर दिया था। इन बातों को लेकर भी दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
सुसाइड से पहले जारी वीडियो में राहुल ने कहा कि वह यह कदम अपनी पत्नी प्रीति, सास वीना, ससुर बिट्टू और साली नीतू की वजह से उठा रहा है। उसने आरोप लगाया कि शादी के बाद से उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया गया। वीडियो में उसने दावा किया कि वह घर का झाड़ू-पोछा, बर्तन साफ करने जैसे सभी काम करता था, लेकिन इसके बावजूद उसे प्रताड़ित किया जाता था। उसने यह भी कहा कि उसके परिवार को कभी सम्मान नहीं दिया गया और हाल ही में उसके खिलाफ झूठा मामला भी दर्ज कराया गया।
वीडियो के अंत में राहुल ने कहा कि उसकी मौत के बाद उसकी संपत्ति उसके माता-पिता और बहनों की होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
pooja