देखें स्नोफाल के वीडियो: पहाड़ों में बर्फबारी, हरियाणा समेत मैदानी इलाकों में ठंड की दस्तक
हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और ठंड बढ़ने लगी है। IMD ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। हिसार में तापमान 12 डिग्री तक गिरा और 8 अक्टूबर से ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
• पश्चिमी विक्षोभ के असर से हरियाणा में बारिश और तापमान में गिरावट
• IMD ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया
हरियाणा में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीते दो दिनों से बादल छाने और कई जिलों में हुई बारिश से तापमान में भारी गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से प्रदेश में ठंड और बढ़ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को भी कई स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के चंडीगढ़ मौसम केंद्र ने राज्य के 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 6 जिलों – कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर और पंचकूला में तेज बारिश हो सकती है। वहीं जींद, रोहतक, सोनीपत, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। इसके अलावा फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।
सोमवार की रात को भी सोनीपत, फरीदाबाद, पंचकूला, बहादुरगढ़ समेत कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। खास तौर पर हिसार में तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जहां अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से लगभग 12 डिग्री कम है। अचानक तापमान में गिरावट आने से लोगों को हल्की ठंड का एहसास होने लगा है।
भिवानी में सोमवार शाम को भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश हुई। वहीं सोमवार को प्रदेश के कई जिलों – फतेहाबाद, सिरसा, दादरी, अंबाला, महेंद्रगढ़, कैथल, पानीपत, झज्जर और यमुनानगर में मौसम खराब रहा।

फतेहाबाद जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर गांव धांगड़ के पास फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी नहर तड़के करीब 4 बजे टूट गई। इससे करीब 50 एकड़ खेतों में पानी भर गया है।
इसकी सूचना किसानों को मिलने के बाद उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारी दो मशीनें लेकर मौके पर पहुंचे और नहर को बांधने का काम शुरू करवाया। किसानों और अधिकारियों की मुस्तैदी के चलते करीब साढ़े तीन घंटे बाद नहर की दरार को दुरुस्त कर दिया गया।
नारनौल में बारिश से आया लाइनों में फाल्ट

हरियाणा के नारनौल में इंडस्ट्रीयल एरिया सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले बिजली फीडरों में सोमवार दिन व रात को हुई बारिश की वजह से केबल में फाल्ट आ गया। इसके कारण रात भर आधे से ज्यादा शहर में बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है।
शहर के इंडस्ट्रीयल एरिया में 33 केवी सब स्टेशन बना हुआ है। यहां पर पुल बाजार फीडर, इंडस्ट्रीयल एरिया फीडर, निजामपुर रोड सहित अन्य कई फीडरों में बिजली आपूर्ति होती है। दो जगह लाइनों में फाल्ट आने के कारण दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम ने इंडस्ट्रीयल एरिया के 33 केवी सब स्टेशन की मुख्य लाइन को भी रात 11 बजे से बंद कर दिया। जिसके कारण शहर के कई मोहल्लों में बिजली रात 11 बजे से गुल हो गई। जो सुबह आठ बजे बाद ही आई।
मौसम विज्ञानी डॉ. मदन खीचड़, जो चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष हैं, ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र और राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण नमी वाली हवाएं उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों की ओर बढ़ रही हैं।
इन मौसमी सिस्टमों के असर से राज्य के अधिकतर इलाकों में 7 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इसके बाद हवा की दिशा उत्तर-पश्चिमी हो जाएगी, जिससे 8 अक्टूबर से ठंडक बढ़ेगी और मौसम शुष्क होने लगेगा।
Akhil Mahajan