अर्जुन चौटाला के तीखे तेवर: SP से बोले- मैं तेरे से बात नहीं कर रहा, गाली देकर कहा- चल दफा हो; देखें वायरल VIDEO
रोहतक में इनेलो के महंगाई विरोधी प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और एसपी गौरव राजपुरोहित के बीच तीखी बहस हुई। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- रोहतक में महंगाई विरोधी प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और SP गौरव राजपुरोहित के बीच तीखी बहस
- SP को कथित तौर पर अभद्र भाषा बोलने का आरोप, घटनाक्रम का VIDEO आया सामने
- इनेलो के प्रदेशव्यापी प्रदर्शन में रोहतक, सोनीपत और कैथल में भी दिखा हंगामा
हरियाणा में महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इस दौरान कई जिलों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिले, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा रोहतक में हुए घटनाक्रम की रही, जहां डबवाली से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला और रोहतक के एसपी गौरव राजपुरोहित के बीच तीखी बहस हो गई। इस पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, इनेलो कार्यकर्ता विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए डीसी कार्यालय पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वे प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सीधे जिला उपायुक्त को सौंपेंगे। हालांकि पुलिस ने डीसी कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया और कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोक दिया।
गेट बंद होने के बाद मौके पर तनाव बढ़ गया। करीब 15 मिनट तक पुलिस और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस चलती रही। विधायक बार-बार जिला उपायुक्त को मौके पर बुलाने की मांग करते रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि प्रशासन जानबूझकर ज्ञापन लेने से बच रहा है।
हंगामा बढ़ता देख डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। इसी दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और एसपी गौरव राजपुरोहित के बीच तीखी नोकझोंक हो गई।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बातचीत के दौरान माहौल काफी गरम हो गया। आरोप है कि विधायक अर्जुन चौटाला ने एसपी से कहा, "मैं तेरे से बात नहीं कर रहा"। इतना ही नहीं, एसपी के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। वहीं डीसी को ज्ञापन पकड़ाने के बाद विधायक वहां से चले गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
घटना के बाद विधायक अर्जुन चौटाला ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी साझा की। उन्होंने लिखा कि यह जननायक चौधरी देवीलाल का हरियाणा है और उनकी विचारधारा के वारिस सत्ता के घमंड के खिलाफ लड़ना जानते हैं। उनकी इस पोस्ट को भी प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं दोपहर बाद मामला फिर गर्मा गया, जब विधायक अर्जुन चौटाला दोबारा डीसी से मिलने के लिए आगे बढ़े। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने महिला कर्मियों को भी आगे तैनात किया।
इसके विरोध में इनेलो कार्यकर्ताओं ने सड़क पर धरना शुरू कर दिया। विधायक अर्जुन चौटाला भी समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा कर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया।
उधर, सोनीपत में भी इनेलो कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उग्र हो गया। कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय का मुख्य गेट जबरदस्ती खोल दिया और परिसर के अंदर प्रवेश कर गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की देखने को मिली।
इसके अलावा कैथल में महिला कार्यकर्ताओं ने पिहोवा चौक पर मटके फोड़कर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में इनेलो कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, बढ़ती रसोई गैस कीमतों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा।
हालांकि दिनभर चले इस राजनीतिक प्रदर्शन में सबसे अधिक सुर्खियां अर्जुन चौटाला और एसपी गौरव राजपुरोहित के बीच हुई बहस ने बटोरीं। वायरल वीडियो के बाद यह मामला प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।
Akhil Mahajan