हरियाणा में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, सेना समेत कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं

अंबाला के धन्यौड़ा गांव में 4 वर्षीय बच्चा 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। NDRF, SDRF और सेना संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, जबकि 60 फीट के बाद पानी होने से अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

हरियाणा में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, सेना समेत कई एजेंसियां रेस्क्यू में जुटीं
  • अंबाला के धन्यौड़ा गांव में 4 वर्षीय निर्भय 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिरा
  • NDRF, SDRF और सेना संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी, 60 फीट के बाद पानी होने से बढ़ी चुनौती
  • खेत में दादा को खाना देने आया था बच्चा, खेलते-खेलते पैर फिसलने से हुआ हादसा

हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौड़ा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। करीब 7 बजे चार वर्षीय निर्भय 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और प्रशासन ने तत्काल बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, निर्भय अपने पिता मनजीत सिंह के साथ खेत में अपने दादा करनैल सिंह को खाना देने गया था। दादा खेत में काम कर रहे थे, जबकि पिता भी खेत के कार्य में जुट गए। इसी दौरान निर्भय खेलते-खेलते खुले बोरवेल के पास पहुंच गया।

परिजनों के मुताबिक, बच्चा बोरवेल में मिट्टी डालकर नीचे की आवाज सुन रहा था। इसी दौरान वह अंदर झांकने लगा। बोरवेल के आसपास की मिट्टी गीली होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह सीधे बोरवेल में जा गिरा।

बच्चे के गिरने की आवाज सुनते ही पिता और दादा मौके पर पहुंचे। दोनों ने आसपास मौजूद लोगों के साथ मिलकर उसे निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद सुबह करीब 7:30 बजे डायल-112 पर सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत फायर ब्रिगेड, NDRF, SDRF और सेना की टीमों को मौके पर बुलाया।

घटना की सूचना मिलते ही डीसी अजय सिंह तोमर समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई है और बड़ी संख्या में ग्रामीण मदद के लिए जुटे हुए हैं।

रेस्क्यू टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि बोरवेल में करीब 60 फीट की गहराई के बाद पानी भरा हुआ है। पानी की वजह से बच्चे की सटीक स्थिति का पता लगाने में परेशानी हो रही है। इसके लिए रस्सियों के सहारे अंडरवॉटर कैमरे बोरवेल में उतारे गए हैं, ताकि अंदर की स्थिति का आकलन किया जा सके।

फिलहाल बच्चे की स्थिति के बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया गया है। प्रशासन लगातार रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए है।

इस हादसे के बाद बच्चे के पिता मनजीत सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह कई बार बेहोश हो गए। वहीं मां जसबीर कौर सदमे में हैं। निर्भय की एक 12 वर्षीय बहन भी है। पूरे गांव में बच्चे की सकुशल वापसी के लिए दुआओं का दौर जारी है।