ट्रंप का नया बयान: मोदी मेरे दोस्त, पर उनकी नीतियों से खुश नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना हमेशा का दोस्त बताया, लेकिन रूस से तेल खरीद पर नाखुशी जताई। भारत-अमेरिका रिश्तों को उन्होंने बेहद खास करार दिया।
➤ ट्रंप ने पीएम मोदी को बताया हमेशा का दोस्त
➤ भारत-अमेरिका रिश्तों को कहा बहुत खास, लेकिन जताई नाखुशी
➤ रूस से भारत की तेल खरीद पर ट्रंप ने दिखाई नाराजगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-अमेरिका रिश्तों पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके "हमेशा के दोस्त" हैं और दोनों देशों का रिश्ता बेहद खास है। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि इस वक्त मोदी जो कर रहे हैं, उससे वह खुश नहीं हैं।
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल ही में उन्होंने सोशल मीडिया पर भारत और रूस को चीन के पाले में जाने का तंज कसा था। लेकिन अब उन्होंने अपने ही बयान से पलटते हुए कहा कि भारत-अमेरिका के रिश्ते पर चिंता करने की कोई बात नहीं है। उन्होंने साफ किया कि "कभी-कभी ऐसे पल आ जाते हैं"।
ट्रंप ने माना कि भारत का रूस से तेल खरीदना उन्हें पसंद नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उन्होंने खुद मोदी से बात की है और भारत पर शुल्क भी लगाया गया है। बावजूद इसके, उन्होंने दोहराया कि मोदी उनके बेहतरीन दोस्त हैं और रिश्ते हमेशा कायम रहेंगे।
बीते शुक्रवार को ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट शेयर कर कहा था कि भारत और रूस को चीन के हाथों खो दिया गया है। इस पर दुनिया भर में चर्चाएं शुरू हो गई थीं। हालांकि 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने यह कहते हुए सफाई दी कि उन्हें ऐसा नहीं लगता, बस भारत की ऊर्जा नीति पर वह निराश हैं।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिका-भारत के व्यापारिक रिश्ते अच्छे चल रहे हैं। वहीं यूरोपीय संघ द्वारा गूगल पर लगाए गए 3.5 अरब डॉलर के जुर्माने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और इसे भेदभावपूर्ण करार दिया।
भारत की ओर से हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति के इन तंजों और नाराजगी भरे बयानों पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई। विदेश मंत्रालय ने सिर्फ यह कहा कि रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर की गई टिप्पणियां "गलत और भ्रामक" हैं।
Akhil Mahajan