जन्मदिन मनाने जा रहा परिवार बना हादसे का शिकार NH-44 पर दर्दनाक एक्सीडेंट, 4 घायल
सोनीपत में NH-44 पर तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी कार को टक्कर मार दी, जिससे दो बहनों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। परिवार जन्मदिन मनाने जा रहा था।
■ सोनीपत NH-44 पर खड़ी कार को ट्रक ने मारी टक्कर, 2 बहनों की मौत
■ 100 मीटर तक घसीटी कार, जन्मदिन मनाने जा रहा परिवार बना हादसे का शिकार
■ 4 घायल, ट्रक चालक मौके से फरार; पुलिस तलाश में जुटी
हरियाणा के सोनीपत में नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। जन्मदिन मनाने जा रहा परिवार उस समय हादसे का शिकार हो गया, जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने सर्विस लेन में खड़ी उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।इस दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों मनदीप कौर (27) और मनप्रीत कौर (38) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो महिलाएं, एक युवक और एक बच्चा शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा गोल्डन हट ढाबे के पास हुआ। कार में सवार परिवार दिल्ली के उत्तम नगर से सोनीपत के मुरथल में बच्चे का जन्मदिन मनाने जा रहा था। रास्ते में सर्विस लेन में गाड़ी रोकी गई थी, इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रेलिंग तोड़ते हुए कार को टक्कर मार दी।टक्कर के बाद कार बुरी तरह से मलबे में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जबकि दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में छीन लिया। जिस दिन बच्चे का जन्मदिन मनाने की तैयारी थी, उसी दिन परिवार ने अपने अपनों को खो दिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
shubham