JE और ठेकेदार रिश्वत लेते गिरफ्तार
सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो ने बिजली विभाग के JE और एक ठेकेदार को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। मामला पॉल्ट्री फार्म के बिजली कनेक्शन से जुड़ा है।
हरियाणा के सोनीपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और उसके साथ मिले एक ठेकेदार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि दोनों ने एक पॉल्ट्री फार्म पर नया बिजली कनेक्शन जारी करने और बिजली लाइन लगाने के बदले डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गांव भटगांव में “वरदान पॉल्ट्री फार्म” शुरू कर रहा था। फार्म पर निर्माण कार्य चल रहा था और संचालन के लिए नए बिजली कनेक्शन की जरूरत थी। इसी सिलसिले में शिकायतकर्ता ने बिजली विभाग से संपर्क किया था।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन डालने के नाम पर संबंधित JE और ठेकेदार ने रिश्वत की मांग की। इसके बाद पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी की दो टीमों ने संयुक्त रूप से ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता ने आरोपियों को रिश्वत की रकम दी, जिसके तुरंत बाद टीम ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल एसीबी की टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में भी हड़कंप मच गया है। एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
pooja