शादी में हवाई फायरिंग: रोहतक के किक बॉक्सर साहिल और पत्नी अनु पर FIR
रोहतक के किक बॉक्सर साहिल और ओलंपियन अनु रानी पर शादी में स्टेज से हवाई फायरिंग और नोट उड़ाने के मामले में मेरठ पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की।
रोहतक के किक बॉक्सर साहिल ने अपनी शादी में स्टेज से 2 हवाई फायर किए
नवविवाहित पत्नी और ओलंपियन अनु रानी के साथ FIR दर्ज
वरमाला के दौरान नोटों की दो गड्डियां भी उड़ाईं गईं
हरियाणा के रोहतक के रहने वाले किक बॉक्सर साहिल भारद्वाज को अपनी ही शादी में स्टेज पर हवाई फायरिंग करना महंगा पड़ गया। मेरठ पुलिस ने साहिल और उनकी पत्नी, इंटरनेशनल जेवलिन थ्रोअर अनु रानी, दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत FIR दर्ज की है।
यह मामला मंगलवार रात का है, जब साहिल और अनु की शादी मेरठ के एक मैरिज पैलेस में हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा गया कि साहिल ने स्टेज पर अनु का हाथ पकड़कर राइफल से दो बार हवाई फायर किए। शादी के दौरान दिखावे के तौर पर साहिल ने 10-10 रुपए के नोटों की दो गड्डियां भी वरमाला के समय हवा में उड़ाईं। इस वीडियो के सामने आते ही पुलिस ने संज्ञान लिया।
मेरठ के SSP विपिन ताडा ने बताया कि वीडियो की जांच के बाद सरधना थाने में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि समारोह में हथियारों का इस तरह इस्तेमाल कानून का उल्लंघन है, इसलिए कार्रवाई अनिवार्य थी।
साहिल मूल रूप से रोहतक के सांपला कस्बे के रहने वाले हैं और फिलहाल शहर की जनता कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं। वह पेशे से किक बॉक्सर हैं और चार बार के नेशनल चैंपियन रह चुके हैं। जुलाई 2025 में छत्तीसगढ़ में हुई नेशनल चैंपियनशिप में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
वहीं साहिल की पत्नी अनु रानी देश की टॉप जेवलिन एथलीट हैं। वह दो बार ओलंपियन रह चुकी हैं और 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच चुकी हैं। अनु कॉमनवेल्थ में भारत के लिए मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला जेवलिन थ्रोअर हैं।
शादी से जुड़ी तस्वीरों में देखा गया कि दोनों स्टेज पर हाथ पकड़कर पहुंचे और अनु ने गुलदस्ता भेंट किया। वरमाला के बाद साहिल ने नोट उड़ाए। वहीं दूल्हा बने साहिल अपने दोस्तों के साथ मर्सिडीज कार में पहुंचे और गेस्ट हाउस में बड़ों का आशीर्वाद लिया।
साहिल का परिवार आर्थिक रूप से काफी मजबूत है। उनके परिवार का अमेरिका में वेयरहाउस और गैस स्टेशन का बिजनेस है, जिसे फिलहाल साहिल के भाई संभाल रहे हैं। उनके पिता रवि, केंद्र सरकार के EPFO में कार्यरत हैं और मां मुकेश देवी गृहिणी हैं।
Author1