सामाजिक कार्यकर्ता नविन जयहिंद के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी, जानें पूरा मामला
रोहतक में सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद के खिलाफ 2023 के जाम मामले में अरेस्ट वारंट जारी हुआ है। जयहिंद ने आरोपों को गलत बताते हुए फास्ट ट्रैक सुनवाई की मांग की।
नवीन जयहिंद के खिलाफ 2023 के जाम मामले में अरेस्ट वारंट जारी
■ जयहिंद ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, कहा- जाम से कोई लेना-देना नहीं
■ अमित पंघाल के कोच के बेटे की मौत के बाद हुआ था विरोध प्रदर्शन
हरियाणा के रोहतक में सामाजिक कार्यकर्ता नवीन जयहिंद एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने उनके खिलाफ वर्ष 2023 में दर्ज एक पुराने जाम मामले में अरेस्ट वारंट जारी किया है। इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस के अनुसार यह मामला उस समय का है, जब शहर में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया था। जांच में नवीन जयहिंद की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है।
हालांकि नवीन जयहिंद ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। उनका कहना है कि जाम लगाने में उनकी कोई भूमिका नहीं थी और उन्हें गलत तरीके से मामले में शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि यह केस तथ्यों के आधार पर नहीं बल्कि गलतफहमी में दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक उस समय भारतीय बॉक्सर अमित पंघाल के कोच के बेटे के नहर में डूबने के बाद दो दिनों तक शव बरामद नहीं हुआ था। इस घटना से खेल जगत और खिलाड़ियों में भारी नाराजगी थी। इसी गुस्से में स्पोर्ट्स से जुड़े युवाओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।
नवीन जयहिंद का कहना है कि उस प्रदर्शन में शामिल युवाओं के आक्रोश को लेकर अब उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले समेत सभी संबंधित केसों की पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मामलों की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में करवाई जानी चाहिए, ताकि जल्द सच्चाई सामने आ सके और लोगों को न्याय मिल सके।
जयहिंद ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह उसे पूरी तरह स्वीकार करेंगे। फिलहाल अरेस्ट वारंट जारी होने के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है और राजनीतिक बयानबाजी भी तेज होने लगी है।
pooja