हाटी समुदाय को ST दर्जा बरकरार,हाईकोर्ट ने खारिज की चुनौती, गिरिपार को बड़ी राहत
हिमाचल हाईकोर्ट ने हाटी समुदाय का ST दर्जा बहाल कर चुनौती वाली याचिका खारिज की। सिरमौर के ट्रांसगिरि क्षेत्र के लाखों लोगों को बड़ी राहत मिली।
हिमाचल हाईकोर्ट ने हाटी समुदाय का ST दर्जा बहाल किया, चुनौती देने वाली याचिका खारिज
➤ संसद के अधिकार क्षेत्र में हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से इनकार, ट्रांसगिरि क्षेत्र के लाखों लोगों को राहत
➤ 4 अगस्त 2023 को केंद्र ने पारित किया था बिल, जनवरी 2024 में अधिसूचना पर लगी थी रोक
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के हाटी समुदाय के अनुसूचित जनजाति (ST) दर्जे को लेकर चल रहे कानूनी विवाद में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अहम फैसला सुनाया। अदालत ने केंद्र सरकार की ओर से हाटी समुदाय को दिए गए ST दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी और समुदाय का अनुसूचित जनजाति का दर्जा बहाल कर दिया। इस फैसले से सिरमौर के ट्रांसगिरि क्षेत्र में रहने वाले हाटी समुदाय के लाखों लोगों को राहत मिली है।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में स्पष्ट किया कि केंद्रीय संसद द्वारा पारित कानून पर हाईकोर्ट रोक नहीं लगा सकती और न ही उसमें संशोधन कर सकती है। किसी समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल करना है या नहीं, इसका अधिकार केवल संसद के पास है। अदालत ने इसी कानूनी आधार पर मामले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया।
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने फैसले को ऐतिहासिक बताया। उनका कहना है कि अदालत ने पहले से स्थापित कानूनी स्थिति की पुष्टि की है। वहीं, याचिका दायर करने वाले एससी पक्ष के अधिवक्ता अनिल कुमार मंगेट ने भी फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अदालत में यह जवाब दिया था कि पहले से एससी सूची में शामिल समुदायों को उससे बाहर नहीं किया जाएगा। आगे सुप्रीम कोर्ट जाने को लेकर फैसला नई एससी समिति की कार्यकारिणी करेगी।
हाईकोर्ट ने कहा- ST सूची में समुदाय को शामिल करने का अधिकार संसद के पास
हाटी समुदाय के ST दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान सबसे अहम सवाल यह था कि क्या संसद के माध्यम से किसी समुदाय को अनुसूचित जनजाति की सूची में शामिल किए जाने के बाद हाईकोर्ट उस फैसले में हस्तक्षेप कर सकती है।
हाटी समुदाय की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा ने बताया कि उनकी तरफ से शुरुआत में ही इस संबंध में प्रारंभिक आपत्ति उठाई गई थी। अदालत ने पहले इसी कानूनी सवाल पर सुनवाई की। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों और सात जजों की पीठ के फैसले का भी हवाला दिया गया।
डोगरा के मुताबिक, हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि जब संसद किसी समुदाय को ST सूची में शामिल करने के लिए कानून पारित कर चुकी है तो हाईकोर्ट के पास उसमें हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। अदालत ने कहा कि स्थापित कानूनी स्थिति के रहते इस मामले में हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है।
श्रवण डोगरा बोले- पहले से स्थापित कानून की हुई पुष्टि
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने हाईकोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया। उनका कहना है कि अदालत ने अपने निर्णय में पहले से स्थापित कानून की पुष्टि की है और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों में तय कानूनी सिद्धांतों को बरकरार रखा है।
सुप्रीम कोर्ट में अपील किए जाने की संभावना पर श्रवण डोगरा ने कहा कि किसी को भी सुप्रीम कोर्ट जाने से रोका नहीं जा सकता। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट की बड़ी पीठों के फैसलों में स्थापित कानूनी स्थिति को देखते हुए अपील में सफलता की उम्मीद नहीं दिखती।
बाइट: श्रवण डोगरा, हाटी पक्ष के अधिवक्ता एवं पूर्व AG हाईकोर्ट।
बाइट: अशोक शर्मा, हाटी पक्ष के अधिवक्ता एवं पूर्व AG हाईकोर्ट।
एससी पक्ष के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी फैसले का किया स्वागत
इस मामले में याचिका दायर करने वाले एससी समुदाय की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार मंगेट ने भी हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अदालत में जवाब दिया है कि एससी समुदाय के जो लोग पहले से सूची में शामिल हैं, उन्हें उस सूची से बाहर नहीं किया जाएगा।
मंगेट के मुताबिक, यदि एससी समुदाय के पहले से मिले अधिकार बरकरार रहते हैं तो यह उनकी भी जीत है। उन्होंने बताया कि अब नई एससी समिति गठित हुई है, जिसके अध्यक्ष सुरेंद्र धर्मा हैं। आगे सुप्रीम कोर्ट में अपील करनी है या नहीं, इसका फैसला समिति की कार्यकारिणी करेगी।
बाइट: अनिल कुमार मंगेट, अधिवक्ता, एससी पक्ष।
हाटी समुदाय ने फैसले का किया स्वागत, गिरिपार के लाखों लोगों को मिली राहत
हिमाचल हाईकोर्ट के फैसले के बाद हाटी समुदाय के लोगों ने भी खुशी जताई है। समुदाय के पदाधिकारियों ने कहा कि गिरिपार क्षेत्र के लाखों लोग लंबे समय से ST दर्जे की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे थे। इस कानूनी लड़ाई के बीच हाईकोर्ट का फैसला उनके लिए बड़ी राहत लेकर आया है।
समुदाय के लोगों का कहना है कि लंबे इंतजार और कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने उनके पक्ष में फैसला सुनाया है। इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है।
बाइट: हाटी समुदाय के पदाधिकारी।
4 अगस्त 2023 को केंद्र ने पारित किया था बिल, जनवरी 2024 में लगी थी अधिसूचना पर रोक
हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार ने 4 अगस्त 2023 को इस संबंध में बिल पारित किया था। इसके बाद 1 जनवरी 2024 को हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी थी।
हालांकि, केंद्र सरकार के इस फैसले को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। गिरिपार अनुसूचित जाति अधिकार संरक्षण समिति सहित अन्य याचिकाकर्ताओं ने इस मामले में आपत्तियां उठाई थीं। जनवरी 2024 में हाईकोर्ट ने ST दर्जा लागू करने से संबंधित अधिसूचना पर रोक लगा दी थी।
अब हाईकोर्ट ने चुनौती देने वाली याचिका खारिज करते हुए हाटी समुदाय का ST दर्जा बहाल कर दिया है। अदालत के फैसले में संसद के अधिकार क्षेत्र को महत्वपूर्ण आधार माना गया है।
सिरमौर के इन चार विधानसभा क्षेत्रों के ट्रांसगिरि इलाके में रहता है हाटी समुदाय
हाटी समुदाय मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के ट्रांसगिरि क्षेत्र में रहता है। इसमें शिलाई, पांवटा साहिब, रेणुका और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों के इलाके शामिल हैं।
समुदाय लंबे समय से अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मांग कर रहा था। इस मांग को लेकर वर्षों से प्रयास और कानूनी प्रक्रिया चल रही थी। हाईकोर्ट के ताजा फैसले से इस क्षेत्र के हाटी समुदाय को बड़ी राहत मिली है।
pooja