हरियाणा में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार,8 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, गुरुग्राम में 5.8° पारा
हरियाणा के आठ जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी हुआ है। गुरुग्राम में तापमान 5.8 डिग्री पहुंचा, जबकि 2 दिसंबर तक बारिश की संभावना नहीं है।
हरियाणा के 8 जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट, सुबह-शाम बढ़ेगी परेशानी
➤ गुरुग्राम में 5.8 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान, हिसार में भी बढ़ी ठिठुरन
➤ 2 दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं, उत्तर-पश्चिमी हवाओं से और गिरेगा पारा
हिसार। हरियाणा में नवंबर के आखिरी सप्ताह के साथ ही सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रात के तापमान में लगातार गिरावट से प्रदेश के कई जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है। सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में दर्ज किया गया है। यहां गुरुग्राम AWS में पारा 5.8 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। वहीं हिसार में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया। भिवानी में 7.4 डिग्री, झज्जर में 7.5 डिग्री और रेवाड़ी के बावल में 7.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इन इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।
प्रदेश के अधिकांश मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। इसके चलते सुबह घरों से निकलने वाले लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के बुलेटिन के मुताबिक, हरियाणा का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। इससे साफ है कि प्रदेश में रातें सामान्य के मुकाबले ज्यादा ठंडी हो रही हैं।
दिन में धूप, रात को बढ़ रही ठिठुरन
रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन का मौसम अपेक्षाकृत राहत देने वाला बना हुआ है। प्रदेश में अधिकतम तापमान 25 से 28.6 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। हिसार, गुरुग्राम, नूंह और चरखी दादरी में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री तक पहुंचा। दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रहता है, लेकिन सूर्यास्त के बाद तापमान में तेजी से गिरावट आने के कारण ठंड का अहसास बढ़ जाता है।
इन जिलों में घने कोहरे का यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना है। कोहरे को देखते हुए 27 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 29 नवंबर को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और सोनीपत में कोहरे की चेतावनी रहेगी।
2 दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रदेश में 2 दिसंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में हल्की गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है।
सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में रात और सुबह की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है। फिलहाल दिन में धूप से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रात के तापमान में गिरावट के चलते प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बढ़ने के आसार हैं।
pooja