हरियाणा के रोहतक में बम की धमकी से हड़कंप, निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल खाली

रोहतक नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया। निगम कार्यालय और स्कूल खाली करवा दिए गए हैं तथा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हरियाणा के रोहतक में बम की धमकी से हड़कंप, निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल खाली

रोहतक नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी
■ मॉडल स्कूल को भी कराया गया खाली, बच्चों की छुट्टी
■ प्रशासन अलर्ट, स्कूल और निगम कार्यालय में पुलिस तैनात

रोहतक। हरियाणा के रोहतक में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी मिलने के बाद प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड में आ गया और एहतियात के तौर पर दोनों जगहों को खाली करवा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, नगर निगम कमिश्नर सत्येंद्र दुहन की आधिकारिक ई-मेल पर एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में नगर निगम कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

धमकी को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम कार्यालय को तत्काल खाली कराया गया, वहीं निगम परिसर के साथ स्थित मॉडल स्कूल को भी खाली करवा दिया गया। स्कूल में पढ़ रहे बच्चों की छुट्टी कर उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया।

घटना के बाद नगर निगम कार्यालय और मॉडल स्कूल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ता और सुरक्षा एजेंसियां पूरे परिसर की जांच कर रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।

प्रशासन का कहना है कि धमकी भरे ई-मेल की जांच की जा रही है और साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।