7 हजार रिश्वत लेते चौकी इंचार्ज-ASI गिरफ्तार, सुपरदारी केस में फंसे
रेवाड़ी में ACB ने 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए चौकी इंचार्ज और ASI को गिरफ्तार किया है। मामला इंपाउंड बाइक की सुपरदारी से जुड़ा है।
➤ कुंड चौकी इंचार्ज और ASI 7 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए
➤ इंपाउंड बाइक की सुपरदारी के लिए मांगी गई थी घूस
➤ एंटी करप्शन ब्यूरो की कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप
रेवाड़ी: हरियाणा के रेवाड़ी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम ACB ने कुंड चौकी इंचार्ज योगेश कुमार और ASI कुलदीप को 7 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, ACB टीम ने पहले ASI कुलदीप को रिश्वत की रकम लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद रिश्वत की मांग में शामिल चौकी इंचार्ज योगेश कुमार को भी हिरासत में ले लिया गया। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
गांव नांधा के रहने वाले श्रवण कुमार ने ACB को शिकायत दी थी कि एक केस में उसकी बाइक इंपाउंड हो गई थी। कोर्ट से सुपरदारी मिलने के बावजूद कुंड चौकी पुलिस बाइक छोड़ने के लिए 7 हजार रुपए की मांग कर रही थी। पीड़ित ने न सिर्फ शिकायत दर्ज करवाई, बल्कि रिश्वत मांगने की रिकॉर्डिंग भी ACB को सौंपी। इसके बाद टीम ने पूरा जाल बिछाया।
ACB की योजना के तहत श्रवण कुमार तय रकम लेकर कुंड चौकी पहुंचा। जैसे ही ASI कुलदीप ने 7 हजार रुपए लिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। इसके बाद चौकी इंचार्ज को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला NH-11 पर पाडला स्थित ओल्ड अशोका होटल में 19 अप्रैल को हुई चोरी से जुड़ा है, जहां बाइक, कैश और अन्य सामान चोरी हुआ था। इसी केस में इंपाउंड बाइक की सुपरदारी मिलने के बावजूद पुलिस उसे रिलीज नहीं कर रही थी और घूस की मांग कर रही थी।
अब दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Akhil Mahajan