भजनलाल की राह पर चल रहे नायब सैनी, हिसार में बोले विधायक रणधीर पनिहार
हिसार में भाजपा विधायक रणधीर पनिहार ने मुख्यमंत्री नायब सैनी की तुलना पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल से करते हुए कहा कि वे हरियाणा को तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ा रहे हैं।
हिसार में BJP विधायक रणधीर पनिहार ने CM नायब सैनी की तुलना पूर्व CM भजनलाल से की
पनिहार बोले- भजनलाल की राह पर चलकर नायब सैनी हरियाणा को विकास की दिशा में आगे बढ़ा रहे
11 दिन पहले कुलदीप बिश्नोई ने मजाक में रणधीर पनिहार को CM का ‘भक्त’ बताया था
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की राह पर चल रहे नायब सैनी : रणधीर पनिहार
हरियाणा के हिसार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान नलवा से भाजपा विधायक रणधीर पनिहार ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तुलना प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल से की। उन्होंने कहा कि जिस तरह भजनलाल ने हरियाणा और विशेष रूप से हिसार के विकास को नई दिशा दी थी, उसी तरह मुख्यमंत्री नायब सैनी भी प्रदेश को तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं।
हिसार में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए पनिहार ने कहा कि उन्हें हिसार की उस धरती पर बोलने का अवसर मिला है, जहां से भजनलाल ने विकास की मजबूत नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी उसी सोच और विकास मॉडल को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हिसार मेयर प्रवीण पोपली भी मौजूद रहे। इस दौरान केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को भी विस्तार से प्रस्तुत किया गया।
राजनीतिक रूप से यह बयान इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि रणधीर पनिहार वर्ष 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने वर्ष 2019 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर नलवा सीट से लड़ा था। बाद में वे कुलदीप बिश्नोई के साथ भाजपा में शामिल हो गए।
पनिहार ने कार्यक्रम में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियां गिनाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। साथ ही उन्होंने भजनलाल के कार्यकाल को भी विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।
इस बयान की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि करीब 11 दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी और वरिष्ठ भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई की मुलाकात का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में कुलदीप बिश्नोई ने मजाकिया अंदाज में रणधीर पनिहार की ओर इशारा करते हुए कहा था कि "यह तो आजकल आपका पूरा भक्त हो रहा है।"
इस पर मुख्यमंत्री नायब सैनी मुस्कुराते हुए बोले थे कि "नहीं, ऐसा नहीं है। भक्त तो आपका ही है।" दोनों नेताओं के बीच हुई यह हल्की-फुल्की बातचीत उस समय सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी थी।
रणधीर पनिहार को भाजपा का टिकट दिलाने में कुलदीप बिश्नोई की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने पनिहार के पक्ष में सक्रिय चुनाव प्रचार भी किया था। पनिहार चुनाव जीतने में सफल रहे, जबकि आदमपुर सीट से कुलदीप बिश्नोई के पुत्र भव्य बिश्नोई को हार का सामना करना पड़ा था।
pooja